‘पुरुषों में ज्यादा इनसिक्योरिटी होती है’, सेट पर झगड़े की धारणा पर राधिका आप्टे बोलीं- यह मर्द या औरत की बात नहीं

‘पुरुषों में ज्यादा इनसिक्योरिटी होती है’, सेट पर झगड़े की धारणा पर राधिका आप्टे बोलीं- यह मर्द या औरत की बात नहीं


Last Updated:

बॉलीवुड की दमदार अदाकारा राधिका आप्टे बेहतरीन एक्टिंग के साथ-साथ अपनी बेबाकी के लिए भी जानी जाती हैं. हाल ही में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री और सेट पर महिला कलाकारों को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. एक्ट्रेस ने उस रूढ़िवादी धारणा पर खुलकर बात की है, जिसमें अक्सर यह दावा किया जाता है कि सेट पर दो एक्ट्रेस आपस में नहीं बनतीं. राधिका ने कहा कि महिलाओं से ज्यादा पुरुष इनसिक्योर होते हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

‘अक्का’ सीरीज में नजर आएंगी राधिका आप्टे. (फोटो: Instagram@radhikaofficial)

नई दिल्ली. बॉलीवुड की वर्सेटाइल एक्ट्रेस राधिका आप्टे जल्द ही आगामी वेब सीरीज ‘अक्का’ में नजर आने वाली हैं. इस सीरीज में उनके साथ साउथ सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश भी लीड भूमिका में दिखाई देंगी. हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान राधिका आप्टे ने फिल्म सेट पर महिलाओं के आपसी रिश्तों को लेकर अपनी बेबाक राय रखी. उन्होंने उस पुरानी और रूढ़िवादी धारणा को पूरी तरह से खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया जाता है कि सेट पर दो महिला कलाकारों के बीच अक्सर अनबन या झगड़े होते हैं.

राधिका आप्टे का मानना है कि वर्कप्लेस का माहौल जेंडर पर नहीं, बल्कि लोगों के आपसी तालमेल पर निर्भर करता है. आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, ‘यह बहुत पुरानी धारणा है कि महिलाएं आपस में झगड़ती हैं. मुझे लगता है कि पुरुष महिलाओं से कहीं ज्यादा असुरक्षित होते हैं. सच कहूं तो यह मर्द या औरत की बात नहीं है, यह आपसी तालमेल की बात है. आप कुछ लोगों के साथ घुल-मिल जाते हैं और कुछ के साथ नहीं.’

राधिका आप्टे ने सेट पर माहौल को बताया पॉजिटिव

सेट पर अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए राधिका आप्टे ने माहौल को पॉजिटिव बताया और कैमरे के सामने और पीछे दोनों जगह महिलाओं की मौजूदगी का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘हमारा सेट वाकई बहुत अच्छा था. सेट पर लगभग बराबर संख्या में पुरुष और महिलाएं थीं. कास्ट में कई महिलाएं थीं और पर्दे के पीछे काम करने वाली टीम में भी कई महिलाएं थीं. मुझे लगता है कि वहां एक अच्छी सिस्टरहुड वाली फीलिंग थी, जिसने चीजों को और ज्यादा कम्फर्टेबल बना दिया.’

घुलने-मिलने का मतलब दोस्ती नहीं

राधिका आप्टे ने बताया कि साथ काम करने वालों के साथ घुलने-मिलने का मतलब यह नहीं है कि आप हर किसी के करीबी दोस्त बन जाएं, चाहे वह पुरुष हो या महिला. उन्होंने कहा कि लोग करीबी रिश्ता न होने पर भी एक-दूसरे के साथ अच्छे और प्रोफेशनल संबंध बनाए रख सकते हैं.

इस दिन रिलीज होगी राधिका आप्टे की ‘अक्का’

बताते चले कि वेब सीरीज ‘अक्का’ एक गैंगस्टर स्टोरी है, जिसमें महिलाएं मुख्य भूमिका में हैं. इस शो के साथ धर्मराज शेट्टी ने डायरेक्शन में अपना डेब्यू किया है, जिन्होंने इस सीरीज को लिखा भी है. 1980 के दशक पर आधारित अक्का एक ऐसी काल्पनिक दुनिया में घटती है जिसे पीढ़ियों से महिलाओं ने बनाया, चलाया और बचाकर रखा है. यह सीरीज 30 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.



Source link