₹150000 की साड़ी: कश्मीर की ऋतु गुप्ता ने 365 दिन में की तैयार, जानें खासियत
Last Updated:
Delhi Hot: दिल्ली हाट की मास्टर क्रिएशन प्रदर्शनी में जम्मू-कश्मीर की ऋतु गुप्ता ने एक साल की मेहनत से 1.5 लाख रुपये की खास डबका वर्क साड़ी तैयार की हैं. इस साड़ी को देखने के बाद महिलाएं फिदा हो रही हैं. आइये जानते हैं इसकी खासियत के बारे में.
दिल्ली: भारत में साड़ी सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि परंपरा और खूबसूरती की पहचान भी है. साड़ी के अलग-अलग डिजाइन और उन पर होने वाला बारीक काम हर किसी का ध्यान खींचता है. दिल्ली हाट में चल रही मास्टर क्रिएशन प्रदर्शनी में भी एक ऐसी ही खास साड़ी देखने को मिली, जिसे तैयार करने में पूरे एक साल का समय लगा है. जम्मू-कश्मीर की ऋतु गुप्ता ने इस साड़ी को अपने हाथों से तैयार किया है. इसकी कीमत 1.5 लाख रुपये है. आइये जानते हैं इस साड़ी के बारे में.
एक-एक फूल को हाथों से किया तैयार
ऋतु गुप्ता के मुताबिक, यह साड़ी सिल्क ऑर्गेंजा फैब्रिक पर तैयार की गई है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इस पर हुआ डबका वर्क है. साड़ी में दो रंगों के डबके, सितारे, मोती और बारीक कढ़ाई का इस्तेमाल किया गया है. इसके फूलों को भी हाथों से तैयार किया गया है. ऋतु बताती हैं कि साड़ी पर इस्तेमाल किए गए मोती इतने बारीक हैं कि उन्हें संभालना भी आसान नहीं है.
जानें क्या होता है डबका वर्क
डबका वर्क कढ़ाई की एक खास तकनीक है, जिसमें धातु जैसी चमक वाले सजावटी तारों का इस्तेमाल किया जाता है. ऋतु बताती हैं कि पुराने समय में सोने-चांदी के तारों से इस तरह का काम किया जाता था, लेकिन अब इसके लिए दूसरे मटेरियल भी इस्तेमाल किए जाते हैं. बाजार में डबका वर्क की कई साड़ियां मिलती हैं, लेकिन इस साड़ी की खासियत इसका हाथों से किया गया काम और इसका एक्सक्लूसिव डिजाइन है.
रोज 8 से 12 घंटे करती थी मेहनत
ऋतु के लिए इस साड़ी को बनाना सिर्फ एक काम नहीं, बल्कि एक खास अनुभव भी रहा. वह बताती हैं कि यह उनकी पहली साड़ी थी, जिसे उन्होंने अकेले तैयार किया है. इसे बनाने में रोजाना करीब 8 से 10 घंटे दिए और कई बार 12 घंटे तक काम करना पड़ा. पूरे एक साल की मेहनत के बाद यह साड़ी बनकर तैयार हुई. साड़ी की खूबसूरती के साथ उसकी फिनिशिंग का भी खास ध्यान रखा गया है. कढ़ाई वाले हिस्से को अंदर से भी अच्छी तरह कवर किया गया है, ताकि पहनने के दौरान धागे या कढ़ाई खराब न हो.
कीमत 1.5 लाख रुपये, साथ में दो ब्लाउज
यह पूरी लंबाई की साड़ी पांच मीटर से ज्यादा की है. इसके साथ दो ब्लाउज दिए जा रहे हैं, जिनमें से एक पर कढ़ाई है और दूसरा प्लेन है. इन्हें अपनी पसंद के हिसाब से पहना जा सकता है. ऋतु के मुताबिक, साड़ी की कीमत 1.5 लाख रुपये रखी गई है. उनका मानना है कि साड़ी और उस पर हुए काम को पसंद करने वालों के लिए इसकी कीमत उसके हुनर और मेहनत के लिहाज से सही है. अगर आप भी हाथों से तैयार की गई. ऐसी खास साड़ी देखना चाहते हैं, तो दिल्ली हाट, आईएनए में मास्टर क्रिएशन के स्टॉल नंबर 136 पर जा सकते हैं.