पाकिस्तान-इंग्लैंड मैच में गजब ड्रामा, हाथ मिलाकर लौटने लगे थे खिलाड़ी, अंपायर ने रोका… और पलट गया मुकाबला


होमखेलक्रिकेट

मैदान पर गजब ड्रामा, वापस जा रहे थे खिलाड़ी, अंपायर ने रोका… और पलट गया मैच

Last Updated:

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के चौथे मैच में गजब का ड्रामा देखने को मिला. मैच में शादाब खान ने रोमांचक शतक लगाते हुए पाकिस्तान को 1 विकेट जीत दिलाई. शादाब जब 97 रन पर थे तो वह एलबीडबल्यू हो गए थे. इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिलाकर वापस जाने लगे, लेकिन तभी DRS से फैसला पलट गया.

Top Deals Inside

मैदान पर गजब ड्रामा, वापस जा रहे थे खिलाड़ी, अंपायर ने रोका... और पलट गया मैचZoom

इंग्लैंड को हराने के बाद शादाब खान का जश्न

नई दिल्ली: क्रिकेट के खेल में तब तक मैच को खत्म नहीं माना जा सकता, जब तक कि खिलाड़ी मैदान से बाहर न चले जाएं. अमूमन ऐसा होता है कि मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ी हाथ मिलाते हैं और अपने-अपने ड्रेसिंग रूम की तरफ लौट जाते हैं, लेकिन पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच त्रिकोणीय सीरीज के चौथे मैच में कुछ अलग ही देखने को मिला.

लाहौर के गद्दाफी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान को इंग्लैंड ने 242 रनों का लक्ष्य दिया था. इसके बचाव में इंग्लैंड की टीम ने भी जबरदस्त गेंदबाजी की और 154 रन के स्कोर पर पाकिस्तान के 9 विकेट गिरा दिए. इंग्लैंड को यहां से अपनी जीत तय दिख रही थी, लेकिन शादाब खान दीवार बनकर खड़े थे.

97 रन पर शादाब हुए थे एलबीडब्ल्यू

शादाब खान अकेले पाकिस्तान की जीत के लिए जान लड़ा रहे थे, लेकिन स्टेडियम में मैच देखने आए दर्शकों का तब दिल टूट गया, जब 97 रन के निजी स्कोर पर गस एटकिंसन की एक फुलटॉस गेंद को वह मिस कर गए और गेंद विकेट की सीध में पैड पर जा लगी. अंपायर ने भी शादाब खान को आउट करार दिया.

इस घटना तक पाकिस्तान जीत से 20 रन दूर थी. टीवी स्क्रीन पर इंग्लैंड की जीत फ्लैश होने लगी. खिलाड़ी औपचारिकता पूरी करते हुए हाथ मिला रहे थे. इंग्लैंड के कुछ खिलाड़ी शादाब खान को शतक पूरा न कर पाने को लेकर दिलासा दे रहे थे, लेकिन इसी बीच डीआरएस का फैसला आ गया.

बैट का किनारा लेकर पैड पर लगी थी गेंद

पाकिस्तान के पास दो रिव्यू बचे हुए थे. एलबीडब्ल्यू के बाद शादाब को भी पता था कि गेंद सीधी है और वह आउट हैं, लेकिन किस्मत पाकिस्तान के साथ थी. थर्ड अंपायर ने जब जांच की तो पाया कि गेंद पैड पर लगने से पहले बैट के किनारे को छूकर निकली है. ऐसे में होना क्या था, शादाब खान को नॉटआउट दिया गया.

इंग्लैंड की जो टीम अभी ठीक से जीत का जश्न भी नहीं मना पाई थी कि उन्हें फिर से बॉलिंग और फील्डिंग के लिए आना पड़ा. इसके बाद तो शादाब खान ने जो किया, वह इतिहास बन गया. शादाब ने अंत तक नाबाद रहते हुए 96 गेंदों में नाबाद 113 रनों की पारी खेलकर पाकिस्तान को 1 विकेट से जीत दिला दी. अपनी इस पारी में शादाब ने 13 चौके और 5 छक्के भी लगाए.





Source link