पटना. बिहार की राजधानी पटना में रविवार को बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उस समय हंगामा हो गया, जब खुद को कांग्रेसी बताने वाले एक युवक ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर टिप्पणी की। युवक ने कथित तौर पर कहा कि इस तरह की लड़ाई से पीएम मोदी नहीं जाने वाले। इस पर खड़गे ने पीएम मोदी को लेकर अपशब्द बोल दिए, जिस पर हंगामा हो गया। साथ ही, कुछ लोगों ने युवक के साथ हाथापाई भी की।
बताया जा रहा है कि युवक छपरा का रहने वाला है। वह खड़गे को यह समझाने की कोशिश कर रहा था कि इस तरह की राजनीतिक लड़ाई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से नहीं हटाया जा सकेगा। इसी दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत को लेकर कार्यक्रम में हंगामे की स्थिति बन गई.
खरगे के सामने युवक की पिटाई का आरोप
वायरल घटनाक्रम के मुताबिक, युवक को पकड़ने के बाद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की. यह सब खरगे के मंच पर मौजूद रहने के दौरान हुआ. हालांकि, युवक की पहचान और उसके साथ मारपीट की पूरी परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि युवक कार्यक्रम में किसके साथ आया था और उसने किस वजह से विरोध किया.
खरगे ने बीजेपी, RSS और चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना
मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संबोधन में बीजेपी और केंद्र सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश में बीजेपी की सरकार चली जाएगी. आरएसएस पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि जब तक देश में आरएसएस की विचारधारा खत्म नहीं होगी, तब तक हिंसा खत्म नहीं होगी. उन्होंने आरएसएस पर नफरत की राजनीति करने का आरोप भी लगाया. खरगे ने देश में छुआछूत का मुद्दा भी उठाया और सवाल किया कि लोग आज भी आरएसएस में क्यों जा रहे हैं.
वोटर लिस्ट और चुनाव आयोग को लेकर भी गंभीर आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजेपी पर वोटर लिस्ट से लोगों के नाम कटवाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जहां काम नहीं चलता, वहां विधायकों की खरीद की जाती है. उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सरकार और निर्वाचन आयोग के बीच साठगांठ का आरोप भी लगाया. खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने उन्हें ‘गद्दार’ तक कहा और आरोप लगाया कि उन्हें बचाने के लिए कानून लाया गया. हालांकि, ये सभी आरोप खरगे के राजनीतिक संबोधन का हिस्सा हैं और संबंधित पक्षों का जवाब इस पर सामने आना बाकी है.
बिहार सरकार पर भी बरसे खरगे
खरगे ने बिहार की सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बिहार में जंगलराज है और बिहार का शासन खराब है. श्रीकृष्ण सिंह का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने ही समाज के लोगों के जमींदार होने के बावजूद जमींदारी प्रथा खत्म की और लंबे समय तक बिहार की सेवा की. खरगे ने अपने संबोधन में परिसीमन और आरक्षण का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि अगर आरक्षण को लेकर कोई फैसला करना है तो इसे संसद में किया जाना चाहिए.
राहुल गांधी को लेकर भी बीजेपी पर निशाना
राहुल गांधी के संसद में नहीं होने को लेकर बीजेपी के सवालों पर भी खरगे ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने काम से गए हैं. साथ ही प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर संसद में नहीं आने का आरोप लगाया. खरगे ने 1 नवंबर को दिल्ली में बड़ी रैली होने की भी बात कही.
अपने संबोधन के दौरान खरगे ने निजी जीवन के संघर्ष का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि जब वह छह साल के थे, तब उनके घर में आग लगा दी गई थी और उनकी मां तथा बहन की जलकर मौत हो गई थी. उन्होंने कहा कि उनके पिता ने उन्हें पालकर बड़ा किया. खरगे ने दावा किया कि आज उनके बेटे को धमकी दी जाती है और उन्हें भी डराने की कोशिश की जाती है, लेकिन अब उन्हें किसी बात से डर नहीं लगता.
श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह में पहुंचे थे खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को पटना पहुंचे थे. बापू सभागार में कांग्रेस की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह में उन्होंने शिरकत की. कार्यक्रम में बिहार कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही.