तुम ही SDO हो?… मंडला में मॉर्निंग वॉक पर निकले फॉरेस्ट अफसर का अपहरण, 4 घंटे कार में घुमाया, मारपीट-लूटपाट


Last Updated:

Mandla News: मंडला में मॉर्निंग वॉक पर निकले फॉरेस्ट SDO मानिक लाल वरकड़े का बदमाशों ने अपहरण कर लिया गया. उन्हें 4 घंटे तक गाड़ियों में घुमाया गया. सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल समेत नगदी लूटने की शिकायत एसडीओ ने दर्ज कराई है. जानें पूरा मामला..

Top Deals Inside

तुम ही SDO हो?... मंडला में मॉर्निंग वॉक पर निकले फॉरेस्ट अफसर का अपहरण, फिरZoom

पीड़ित फॉरेस्ट SDO मानिक लाल वरकड़े.

Mandla News: मंडला में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बीते 21 अक्टूबर की सुबह जबलपुर के सामाजिक वानिकी वृत्त में पदस्थ फॉरेस्ट SDO मानिक लाल वरकड़े अपने तय रूटीन के मुताबिक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. उन्होंने अपनी गाड़ी मेडिकल के पास खड़ी की थी. इसके बाद वे पैदल ही नर्मदा नदी (पीपर पानी) मार्ग की ओर टहलने लगे. करीब एक किलोमीटर चलने के बाद पीछे से एक सफेद रंग की कार आई. कार से दो युवक उतरे और उन्होंने अचानक SDO को पकड़ लिया.

‘तुम ही SDO हो?’ कहकर की मारपीट
पुलिस में शिकायत के अनुसार, बदमाशों ने SDO को पकड़ते ही पूछा कि ‘तुम ही SDO हो?’ जब उन्होंने विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया. घूंसे, थप्पड़, लोहे की रॉड से मारपीट की. इसके बाद बदमाशों ने उनकी आंखों पर गमछा बांध दिया. फिर उन्हें कार में खींचकर नीचे सीट के पास लेटा दिया.

दूसरी गाड़ी में किया शिफ्ट
शुरुआत में सफेद कार में चार लोग सवार थे. कुछ दूरी तक ले जाने के बाद बदमाशों ने SDO को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट कर दिया. दूसरी गाड़ी में ड्राइवर समेत तीन लोग थे. आरोपियों ने उन्हें पीछे की सीट के बीच में घुसाकर रखा. एक बदमाश ने अपने जूतों से पैर रखकर उन्हें दबाए रखा.

लूटपाट और बैंक से रुपए ट्रांसफर
बदमाशों ने अपहरण करते ही SDO का मोबाइल और उनकी गाड़ी की चाबी छीन ली थी. रास्ते में आरोपियों ने उनके हाथ में पहनी सोने की अंगूठी और गले से सोने की चेन भी उतरवा ली. इसके अलावा बदमाशों ने उनके बैंक खाते से 10,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए.

6.39 लाख रुपये की सुपारी का दावा
गाड़ी में घुमाने के दौरान बदमाशों ने SDO से उनके बैंक बैलेंस की जानकारी मांगी. बदमाशों ने दावा किया कि उन्हें अधिकारी को उठाने के लिए 6,39,000 रुपये की सुपारी मिली है. आरोपियों ने पैसे देने पर छोड़ने की धमकी दी. SDO के अनुसार, उनका किसी से कोई व्यक्तिगत या पारिवारिक विवाद नहीं है.

पेट्रोल खत्म हुआ तो बांधकर भागे आरोपी
बदमाश अधिकारी को करीब 4 घंटे तक गाड़ियों में घुमाते रहे. सुबह लगभग 10 बजे जबलपुर-कुंडम रोड स्थित उमरिया-खमरिया क्षेत्र में गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया. इसके बाद आरोपियों ने कार का सीट बेल्ट काटकर SDO के हाथ बांध दिए. फिर आरोपी अधिकारी को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए.

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडला कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस ने BNS की धारा 140(3) और 309(6) के तहत मामला कायम किया है. कोतवाली पुलिस अब मंडला, डिंडोरी और जबलपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है.



Source link