Last Updated:
जमुई जिले में पिछले छह महीने से बंद पड़े राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का परिचालन फिर से शुरू हो गया है। इससे बिहार से झारखंड और पश्चिम बंगाल की यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।
जमुई. अगर आप बिहार से झारखंड या पश्चिम बंगाल की यात्रा करने वाले हैं, तो आपके लिए बहुत ही अच्छी खबर सामने आई है. इस रास्ते पर पिछले 6 महीने से भी अधिक समय से बंद पड़े पुलों के पास से होकर अब वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया गया है. करीब 6 महीने से भी अधिक समय से बंद पड़े इस राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर अब आप एक बार फिर से यात्रा कर सकेंगे. दरअसल, जमुई जिले में एनएच 333 ए पर बने नरियाना तथा मांगोबंदर पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद से इस रास्ते से होकर गाड़ियों का परिचालन बंद कर दिया गया था, जिसके बाद लोगों को काफी मुसीबत उठानी पड़ रही थी. इस रास्ते से यात्रा करने वाले लोगों को 50 किलोमीटर अधिक घूमकर जाना पड़ रहा था. ऐसे में उनके लिए यह एक मुसीबत का सबब बन गया था, पर अब लोगों की मुसीबतें कम होने वाली हैं, क्योंकि लोगों के लिए एक बहुत अच्छी खबर सामने आई है.
डायवर्सन से शुरू हुआ वाहनों का परिचालन
बताते चलें कि इस रास्ते पर बने दोनों पुलों से वाहनों का परिचालन बंद होने के बाद यहां करीब 12 करोड़ रुपए की लागत से दो डायवर्सन बनाए जा रहे हैं, जिन पर से अब गाड़ियों का परिचालन शुरू कर दिया गया है. हालांकि, अभी डायवर्सन का काम पूरा नहीं हुआ है, परंतु जहां नदी में पानी था और वहां नदी की धार तेज थी, उन जगहों पर डायवर्सन बनाकर उसे कच्ची सड़क से जोड़ दिया गया है. इसके साथ ही अब इसके ऊपर मिट्टी भराई का काम चल रहा है और जल्दी ही यहां से पक्की सड़क भी बना दी जाएगी. लेकिन, इसके बावजूद भी अब इसे लोगों के लिए खोल दिया गया है तथा इस पर से गाड़ियों का परिचालन शुरू हो गया है. ऐसे में अगर आप भी देवघर, चकाई, रांची, कोलकाता, हजारीबाग, कोडरमा इत्यादि जाने वाले हैं, तो आप इस रास्ते से सफर कर सकते हैं.
इन जिलों से आने वालों को होगी काफी सहूलियत
बताते चलें कि जमुई में बने इन पुलों से होकर वाहनों का परिचालन शुरू किए जाने के बाद से जमुई जिले के लोगों को बड़ा फायदा होगा. क्योंकि इन दोनों पुलों के बीच जिले के सात ऐसे पंचायत हैं, जिनके करीब तीन दर्जन से भी अधिक गांवों का संपर्क मुख्य धारा से टूट गया था. उन्हें काफी घूमकर अपने चार पहिया वाहनों को लेकर आना पड़ रहा था. ऐसे में इन लोगों को तो सहूलियत होगी ही, साथ ही बिहार के बेगूसराय, खगड़िया, मुजफ्फरपुर सहित पटना, शेखपुरा, नवादा जैसे जिले से आने वाले लोगों को भी सहूलियत होगी. यह रास्ता इन सभी जगहों को झारखंड से जोड़ता है और खासकर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर जाने वाले लोग इसी रास्ते से सफर करते थे, परंतु पिछले 6 महीने से उन्हें भी परेशानी हो रही थी. तो अब वे भी इसी रास्ते से सफर कर सकेंगे.