Last Updated:
Bihar News : बिहार कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पटना पहुंचने से पहले विरोध के स्वर तेज हो गए हैं. बापू सभागार के गेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर-बैनर के साथ प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और पार्टी प्रभारी कृष्णा अल्लावरू को पद से हटाने की मांग की. साथ ही पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह को दोबारा बिहार कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग उठाई.
बिहार कांग्रेस में राजेश राम को फिर से हटाने की मांग उठने लगी है.
पटना. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पटना पहुंचने से पहले पार्टी के अंदर विरोध के सुर तेज हो गए हैं. बापू सभागार के गेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और बैनर लेकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और पार्टी प्रभारी कृष्णा अल्लावरू को पद से हटाने की मांग की.
कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह को बिहार कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग उठाई. बापू सभागार के मुख्य गेट के पास लगाए गए पोस्टर में राजेश राम और कृष्णा अल्लावरू पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप लगाया.
अखिलेश सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग
कांग्रेस की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण जयंती समारोह में शामिल होने के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे पटना पहुंचे हैं. उनके कार्यक्रम से पहले ही पार्टी के भीतर विरोध सामने आने से बिहार कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान चर्चा में आ गई है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी नेतृत्व में बदलाव की जरूरत है. इसी मांग को लेकर कार्यकर्ता पोस्टर-बैनर के साथ बापू सभागार के गेट पर जुटे. प्रदर्शन के दौरान राजेश राम और कृष्णा अल्लावरू को हटाने और अखिलेश सिंह को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग प्रमुख रही.
पहले भी उठ चुकी है मांग
बता दें, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद भी प्रदेश नेतृत्व में बदलाव की मांग उठ चुकी है. चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस के भीतर नाराजगी सामने आई थी और संगठन में बदलाव की आवाजें उठी थीं. अब मल्लिकार्जुन खरगे के पटना पहुंचने से पहले एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और प्रभारी कृष्णा अल्लावरू को हटाने की मांग ने पार्टी के अंदर चल रही खींचतान को चर्चा में ला दिया है.