कोटा के MBS अस्पताल में पार्किंग विवाद को लेकर भिड़े दो पक्ष, देखते ही देखते चलने लगे लाठी-डंडे

कोटा के MBS अस्पताल में पार्किंग विवाद को लेकर भिड़े दो पक्ष, देखते ही देखते चलने लगे लाठी-डंडे


Last Updated:

Kota MBS Hospital Parking Fighting: कोटा के एमबीएस अस्पताल में पार्किंग विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और लाठी-डंडे चले. इस घटना के दो नए सीसीटीवी वीडियो सामने आए हैं, जिसमें बदमाश बेखौफ होकर हमला करते दिख रहे हैं. वारदात से मरीज और परिजन दहशत में आ गए. पुलिस के पहुंचने पर हमलावर भाग निकले. पार्किंग संचालक और पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर नयापुरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

कोटा के MBS अस्पताल में पार्किंग विवाद पर चले लाठी-डंडे, नए CCTV वीडियो आए सामने

कोटा: राजस्थान के कोटा स्थित प्रसिद्ध एमबीएस (MBS) अस्पताल परिसर में पार्किंग विवाद को लेकर हुआ खूनी संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है. अस्पताल की पार्किंग में लाठी-डंडों से हुई भीषण मारपीट और हाथापाई के मामले में अब दो नए लाइव वीडियो और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आए हैं. तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बेखौफ बदमाश दिनदहाड़े हमला कर मौके से फरार हो गए. इस अचानक हुई वारदात से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जिससे इलाज कराने आए मरीज और उनके परिजन दहशत में आ गए.

जानकारी के अनुसार, एमबीएस अस्पताल की पार्किंग में वाहन खड़ा करने जैसी मामूली सी बात पर वाहन मालिक और पार्किंग कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते यह बहस हिंसक झगड़े में बदल गई. दोनों पक्षों के बीच देखते ही देखते लात-घूंसे और लाठी-डंडे चलने लगे. पूरी घटना अस्पताल के गर्भगृह के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसकी फुटेज अब तेज़ी से वायरल हो रही है.

पुलिस को देखकर भागे बदमाश, नयापुरा थाने में शिकायत दर्ज
अस्पताल परिसर में अचानक हुए इस घटनाक्रम की सूचना तुरंत एमबीएस अस्पताल पुलिस चौकी को दी गई. पुलिस चौकी प्रभारी धनराज जैसे ही जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे, पुलिस की गाड़ी देखते ही मारपीट में शामिल उपद्रवी मौके से भाग निकले. घटना के बाद पार्किंग संचालक मोहम्मद यूनुस और पीड़ित कर्मचारी भगत सिंह ने नयापुरा थाने में मामला दर्ज कराया है. पीड़ित कर्मचारी की शिकायत के आधार पर नयापुरा थाना पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान कर मामले की जांच में जुटी है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
एमबीएस अस्पताल कोटा संभाग का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां रोजाना हजारों की संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं. ऐसे में अस्पताल की पार्किंग जैसी संवेदनशील जगह पर सरेआम गुंडागर्दी और मारपीट होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. मरीजों के परिजनों का कहना है कि अस्पताल परिसर में बार-बार होने वाले ऐसे विवादों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन को सख्त सुरक्षा इंतजाम और प्रभावी निगरानी करनी चाहिए.



Source link