डोनाल्ड ट्रंप अब फिर चुनाव क्यों नहीं लड़ सकते? तीसरी बार राष्ट्रपति बनने की राह में क्या है रोड़ा?

डोनाल्ड ट्रंप अब फिर चुनाव क्यों नहीं लड़ सकते? तीसरी बार राष्ट्रपति बनने की राह में क्या है रोड़ा?


होमदुनियाअमेरिका

ट्रंप दोबारा चुनाव क्यों नहीं लड़ सकते? तीसरी बार राष्ट्रपति बनने की है इच्छा

Last Updated:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीसरी बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के अधिकार को लेकर फिर बयान दिया है. उन्होंने 2020 के चुनाव में कथित धांधली का आरोप दोहराया, हालांकि उनके दावों के समर्थन में कोई सबूत नहीं है. अमेरिकी संविधान का 22वां संशोधन किसी व्यक्ति को दो बार से ज्यादा राष्ट्रपति चुने जाने से रोकता है. जानिए यह नियम क्यों बनाया गया और क्या संविधान में बदलाव करके ट्रंप तीसरे कार्यकाल का रास्ता निकाल सकते हैं?

Zoom

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप.

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर तीसरी बार राष्ट्रपति बनने की इच्छा जताकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है. आयोवा में एक रैली के दौरान ट्रंप ने पहले माना कि अमेरिकी कानून उन्हें दोबारा चुनाव लड़ने से रोकता है, लेकिन फिर 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास फिर से चुनाव लड़ने का अधिकार है, क्योंकि वह दूसरी बार जीते थे, लेकिन धांधली करके हटा दिया गया. ट्रंप के मुताबिक उनका दूसरा कार्यकाल असल में तीसरा कार्यकाल है. और उनके मुताबिक जब वह तीसरी बार राष्ट्रपति बन ही गए हैं तो चौथी बार भी चुनाव लड़ा जा सकता है. सवाल यह है कि अगर ट्रंप तीसरी बार राष्ट्रपति बनना चाहते हैं, तो अमेरिकी संविधान इसकी इजाजत क्यों नहीं देता और उनके ताजा बयान का असल मतलब क्या है?

ट्रंप ने रैली में कहा, ‘मुझे नहीं पता कि आपका अगला राष्ट्रपति कौन होगा. मुझे लगता है कि कानून कहता है कि मुझे फिर से चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं है.’ उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने संविधान में लिखे शब्दों का अध्ययन किया है. हालांकि, इसके बाद उन्होंने 2020 के चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनके साथ धोखा हुआ था और इसलिए उन्हें फिर से चुनाव लड़ने का अधिकार है. ट्रंप ने कहा, ‘उन्होंने हमारे साथ धोखा किया. उन्होंने चुनाव में धांधली की.’ वह लंबे समय से दावा करते रहे हैं कि 2020 का चुनाव उनसे छीन लिया गया था. हालांकि, इस दावे के समर्थन में व्यापक चुनावी धांधली का कोई सबूत सामने नहीं आया. उस चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के जो बाइडेन ने जीत हासिल की थी.

ट्रंप के बयान का क्या मतलब है?

ट्रंप के बयान को समझने के लिए दो बातें अहम हैं. पहली, वह खुद स्वीकार कर रहे हैं कि संविधान में राष्ट्रपति के कार्यकाल की सीमा तय है. दूसरी, वह 2020 के चुनाव में कथित धांधली को आधार बनाकर इस सीमा से अलग रास्ता निकालने की बात कर रहे हैं. लेकिन चुनाव में हारने के बाद धांधली का आरोप लगाने से किसी उम्मीदवार को संविधान में तय कार्यकाल की सीमा से छूट नहीं मिल जाती. ट्रंप का दावा सिर्फ उनकी राजनीतिक दलील है. अगर वह 2028 में चुनाव लड़ने की कोशिश करते हैं, तो उनकी पात्रता को लेकर बड़ा संवैधानिक विवाद खड़ा हो सकता है.

तीसरी बार राष्ट्रपति बनने से क्यों रोकता है अमेरिकी संविधान?

अमेरिकी संविधान का 22वां संशोधन कहता है कि किसी व्यक्ति को दो बार से ज्यादा राष्ट्रपति पद के लिए नहीं चुना जा सकता. इस संशोधन को 1951 में मंजूरी मिली थी. ट्रंप 2016 में राष्ट्रपति चुनाव जीते थे. 2020 में उन्हें जो बाइडेन के हाथों हार मिली, लेकिन 2024 में उन्होंने फिर जीत हासिल की. इस तरह वह दो बार राष्ट्रपति चुने जा चुके हैं. संविधान की सीमा लगातार दो कार्यकाल पूरे करने पर नहीं, बल्कि राष्ट्रपति पद के लिए दो बार चुने जाने पर लागू होती है. इसलिए बीच में चार साल का अंतर होने से ट्रंप को तीसरी बार चुनाव लड़ने का अधिकार नहीं मिल जाता.

आखिर क्यों बनाया गया था 22वां संशोधन?

अमेरिका में पहले राष्ट्रपति के लिए दो कार्यकाल की कोई स्पष्ट संवैधानिक सीमा नहीं थी. पूर्व राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट चार बार राष्ट्रपति चुने गए थे. उनकी मृत्यु चौथे कार्यकाल के दौरान हुई. इसके बाद राष्ट्रपति के कार्यकाल को सीमित करने की मांग तेज हुई और 22वें संशोधन को 1951 में संविधान का हिस्सा बनाया गया. इस नियम का उद्देश्य किसी एक व्यक्ति के हाथ में लंबे समय तक राष्ट्रपति पद की शक्ति केंद्रित होने से रोकना था.

क्या संविधान बदलकर तीसरी बार राष्ट्रपति बन सकते हैं ट्रंप?

सैद्धांतिक रूप से ऐसा संभव हो सकता है, लेकिन इसके लिए संविधान में संशोधन करना होगा. अमेरिकी व्यवस्था में इसके लिए कांग्रेस के दोनों सदनों में दो-तिहाई समर्थन और कम से कम तीन-चौथाई राज्यों की मंजूरी जरूरी होती है. यह बेहद कठिन प्रक्रिया है. एक दूसरा विचार भी चर्चा में रहा है कि ट्रंप उपराष्ट्रपति के रास्ते दोबारा राष्ट्रपति बन सकते हैं. इस तर्क के मुताबिक, अगर कोई दूसरा उम्मीदवार राष्ट्रपति बनकर बाद में पद छोड़ दे, तो ट्रंप को पद मिल सकता है. लेकिन अमेरिकी संविधान का 12वां संशोधन इस रास्ते पर गंभीर कानूनी सवाल खड़े करता है. इसके अनुसार, जो व्यक्ति राष्ट्रपति बनने के लिए संवैधानिक रूप से अयोग्य है, वह उपराष्ट्रपति भी नहीं बन सकता. ऐसे किसी प्रयास को अदालत में चुनौती मिलने की आशंका भी रहेगी.



Source link