बेटियों की पढ़ाई के लिए नैनीताल बैंक देगा हर साल 18 लाख रुपये, 10वीं-12वीं की छात्राओं को मिलेगी छात्रवृत्ति, लोन पर भी विशेष छूट

बेटियों की पढ़ाई के लिए नैनीताल बैंक देगा हर साल 18 लाख रुपये, 10वीं-12वीं की छात्राओं को मिलेगी छात्रवृत्ति, लोन पर भी विशेष छूट


नैनीताल: बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नैनीताल बैंक की ओर से कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं. बैंक छात्राओं को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने के साथ ही महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने पर भी जोर दे रहा है. इसके तहत छात्राओं को एजुकेशन लोन पर 0.5 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है. वहीं, ‘चेली-भुली’ योजना के माध्यम से उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करने की पहल की गई है. बैंक की इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण बेटियों की पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को कम करना और उन्हें शिक्षा, खेल तथा अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है.

नैनीताल बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि बैंक गर्ल चाइल्ड और छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहा है. इनमें एजुकेशन लोन पर 0.5 प्रतिशत की छूट के साथ ही ‘चेली-भुली’ छात्रवृत्ति योजना भी शामिल है. इस योजना के माध्यम से उत्तराखंड की मेधावी छात्राओं को उनकी पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि ‘चेली-भुली’ योजना के तहत नैनीताल बैंक अपने सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद से हर साल लगभग 18 लाख रुपये की धनराशि आवंटित करेगा. यह राशि उत्तराखंड के चयनित सरकारी स्कूलों की मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्ति के रूप में दी जाएगी. योजना के लिए कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कुल 10 स्कूलों का चयन किया गया है. इन स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं का चयन उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों और प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा. इसका उद्देश्य छात्राओं को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करना और आर्थिक सहायता के माध्यम से उनकी आगे की पढ़ाई को आसान बनाना है.

10वीं और 12वीं की छात्राओं को कितनी मिलेगी छात्रवृत्ति?

‘चेली-भुली’ योजना के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं की मेधावी छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रवृत्ति निर्धारित की गई है. बैंक की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रत्येक चयनित स्कूल से कक्षा 10वीं की तीन और कक्षा 12वीं की तीन छात्राओं का चयन किया जाएगा. योजना के तहत कक्षा 10वीं की चयनित छात्राओं को हर साल 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दो वर्षों तक देने की योजना है. वहीं, कक्षा 12वीं की चयनित छात्राओं को हर साल 13 हजार रुपये की छात्रवृत्ति तीन वर्षों तक प्रदान करने की योजना है. इस आर्थिक सहायता से छात्राओं को अपनी पढ़ाई जारी रखने, शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने और उच्च शिक्षा की तैयारी में मदद मिल सकती है. खासतौर पर उन परिवारों के लिए यह पहल उपयोगी साबित हो सकती है, जहां आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण बेटियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका रहती है.

महिला खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित कर रहा बैंक

नैनीताल बैंक की पहल केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बैंक की ओर से महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं. कुलदीप सिंह ने बताया कि छात्राओं के लिए फुटबॉल, हॉकी और अन्य खेल गतिविधियों के आयोजन के माध्यम से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर दिए जा रहे हैं. इसके साथ ही उत्तराखंड में खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी बैंक काम कर रहा है. इसका उद्देश्य महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है.

GEN Z को बैंकिंग से जोड़ने पर भी जोर

बैंक की ओर से नई पीढ़ी यानी GEN Z को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं. इसके लिए युवाओं की जरूरतों के अनुरूप बैंकिंग सुविधाओं और ऋण योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है. बैंक की टीम स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों के खाते खोलने और उन्हें बैंकिंग सेवाओं से परिचित कराने का काम भी कर रही है. कुलदीप सिंह के मुताबिक, बैंक का प्रयास है कि युवा शुरुआत से ही बचत, बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं के महत्व को समझें और जरूरत के अनुसार उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठा सकें.

योजनाओं का लाभ कैसे लें?

नैनीताल बैंक की छात्रवृत्ति, एजुकेशन लोन और अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक छात्राएं और अभिभावक बैंक की नजदीकी शाखा में संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर भी योजनाओं से संबंधित जानकारी देखी जा सकती है और पात्रता के अनुसार आवेदन प्रक्रिया के बारे में पता किया जा सकता है. हालांकि, छात्रवृत्ति के लिए चयनित स्कूलों, पात्रता, आवेदन की समयसीमा और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी संबंधित शाखा से प्राप्त करना जरूरी है.



Source link