Mid Career Layoff Life Lessons: 40 की उम्र में नौकरी छूटी तो उड़ गई नींद? इस शख्स ने बताए छंटनी के 3 बड़े फायदे

Mid Career Layoff Life Lessons: 40 की उम्र में नौकरी छूटी तो उड़ गई नींद? इस शख्स ने बताए छंटनी के 3 बड़े फायदे


नई दिल्ली (Mid Career Layoff Life Lessons). लेऑफ या छंटनी की खबर सुनते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं. जिंदगी के चौथे दशक यानी 40s में परिवार की जिम्मेदारियां, बच्चों की पढ़ाई और होम लोन जैसे भारी खर्चे होते हैं. इस उम्र में अचानक नौकरी छूटना किसी बड़े झटके से कम नहीं होता. हर कोई इसे करियर का अंत और भयानक संकट मानता है. लोग डिप्रेशन में चले जाते हैं कि अब आगे क्या होगा, घर कैसे चलेगा और समाज में क्या इज्जत बचेगी.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक कहानी ने लोगों का नजरिया बदल दिया है. एक कॉरपोरेट प्रोफेशनल को अपने 40s में अचानक नौकरी से हाथ धोना पड़ा. उसने हिम्मत जुटाकर बताया कि इस बुरे दौर में उसकी जिंदगी में कुछ ऐसे पॉजिटिव बदलाव आए, जो शायद नौकरी रहते कभी महसूस ही नहीं हो पाते. इंस्टाग्राम पर अपने अनुभव शेयर करते हुए शख्स ने बताया कि कैसे इस ‘एग्जीक्यूटिव रीसेट’ ने उन्हें दोस्ती, पैसों की अहमियत और काम को देखने के नजरिए से जुड़े 3 सबसे बड़े सबक सिखाए.

नौकरी जाने पर मिले 3 सबक

1. असली और नकली दोस्तों की तुरंत हो जाती है पहचान

अच्छी नौकरी और पैसा होने पर आस-पास लोगों का मेला लगा रहता है. लेकिन इनकम जीरो होते ही हवा का रुख बदल जाता है. शख्स ने बताया कि छंटनी के बाद उसे महसूस हुआ कि उसके असली शुभचिंतक कौन हैं. कुछ दोस्त कॉफी पर बुलाते हैं, आपका हाल-चाल लेते हैं और मुश्किल वक्त में आपका साथ निभाते हैं, जबकि कुछ एक मेसेज करके गायब हो जाते हैं. यह दौर ‘फ्रेंडशिप फिल्टर’ की तरह काम करता है.

2. पैसों का असल ‘फाइनेंशियल रियलिटी चेक’

महीने की पहली तारीख को सैलरी आने पर हम कई ऐसी चीजें खरीद लेते हैं जिनकी हमें असल में जरूरत नहीं होती. लेकिन जब अकाउंट में पैसे आना बंद हो जाते हैं, तब जरूरतों और लग्जरी में फर्क समझ में आता है. अचानक इनकम रुकने के बाद रोजमर्रा के खर्चों का हिसाब एकदम बदल जाता है. यह झटका सिखाता है कि बचत (Savings) और इमरजेंसी फंड जिंदगी में कितने ज्यादा जरूरी हैं.

3. काम को लेकर बदल जाता है नजरिया और खत्म होता है स्ट्रेस

यह शायद सबसे बड़ा बदलाव था. दोबारा कॉरपोरेट जगत में लौटने और उसने टीम लीड करने पर शख्स को समझ में आया कि अब वह ऑफिस पॉलिटिक्स और वर्क स्ट्रेस को दिल पर नहीं लगाता. उसे समझ आ गया कि कॉरपोरेट का प्रेशर और डेडलाइन अस्थायी हैं. जब आप एक बार जिंदगी को नौकरी से बाहर जाकर देख लेते हैं तो ऑफिस के छोटे-मोटे झगड़े और स्ट्रेस बेमानी लगने लगते हैं.

इससे सीख मिलती है कि अपनी पहचान सिर्फ ‘जॉब’ या ‘डेजिग्नेशन’ से नहीं जोड़नी चाहिए. नौकरी जीवन का एक हिस्सा है, पूरी जिंदगी नहीं. अपनी स्किल्स को अपग्रेड और मेंटल पीस को सबसे ऊपर रखें.

हर अंत नई शुरुआत है

जिंदगी के किसी भी पड़ाव पर नौकरी जाना बेहद स्ट्रेसफुल अनुभव है. लेकिन यही समय आत्म-चिंतन (Self-reflection) का भी होता है. यह सिखाता है कि आप किन चीजों को अहमियत दे रहे हैं और किन्हें नहीं. अगर कभी ऐसे दौर से गुजरें तो घबराने के बजाय इसे जीवन को नए सिरे से संवारने का मौका मानिए.



Source link