AI Infrastructure Engineer Career in India: गजब डिमांड में हैं ये एआई इंजीनियर, 1 करोड़ तक मिल सकती है सैलरी

AI Infrastructure Engineer Career in India: गजब डिमांड में हैं ये एआई इंजीनियर, 1 करोड़ तक मिल सकती है सैलरी


नई दिल्ली (AI Engineer Career in India). इंजीनियरिंग की दुनिया बदल चुकी है. अब इंजीनियरिंग में करियर सिर्फ कंप्यूटर साइंस, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट या इलेक्ट्रॉनिक्स तक सीमित नहीं है. एआई के बढ़ते इस्तेमाल ने ऐसी स्पेशलाइजेशन की डिमांड बढ़ाई है, जो कुछ साल पहले तक ट्रेंड में नहीं थीं. AI इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियरिंग इन्हीं में शामिल है. इस क्षेत्र में काम करने वाले इंजीनियर बड़े AI मॉडल ट्रेन करने वाला सिस्टम तैयार करते हैं. उनसे डेटा प्रोसेस होता है और AI सर्विस करोड़ों यूजर्स तक पहुंचती है.

एआई इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर की सैलरी इसे सबसे बेहतरीन इंजीनियरिंग ब्रांच बनाती है. अनुभवी इंजीनियर को बड़ी टेक कंपनियों में करोड़ों रुपये सालाना का पैकेज मिल सकता है. करोड़ों के पैकेज में बेस सैलरी के साथ बोनस और कंपनी के शेयर भी शामिल होते हैं. सही टेक्निकल स्किल्स, प्रैक्टिकल अनुभव और लगातार सीखने की आदत के साथ करियर में ग्रोथ के अवसर मिलते हैं. जानिए एआई इंफ्रास्ट्रक्चरिंग इंजीनियर कैसे बनते हैं, कौन-सी स्किल्स चाहिए और भारत में इसकी तैयारी कैसे कर सकते हैं.

AI इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर क्या करते हैं?

एआई इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर AI मॉडल को चलाने के लिए टेक्निकल सिस्टम तैयार करते हैं. ChatGPT जैसे AI टूल्स के पीछे सिर्फ मॉडल बनाने वाले साइंटिस्ट नहीं होते. वहां कंप्यूटिंग पावर, सर्वर, डेटा स्टोरेज और नेटवर्किंग को संभालने वाले एक्सपर्ट भी काम करते हैं. लाखों सवालों के जवाब देने के लिए एआई मॉडल को कई कंप्यूटिंग रिसोर्सेस की जरूरत पड़ती है. इंजीनियर इस सिस्टम को तेज, भरोसेमंद और किफायती बनाते हैं. वे देखते हैं कि सिस्टम पर अचानक ज्यादा लोड आने पर सर्विस बंद न हो और डेटा सिक्योर रहे.

एआई इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर की डिमांड क्यों बढ़ रही है?

कंपनियां AI का इस्तेमाल सिर्फ एक्सपेरिमेंट के लिए नहीं कर रही हैं. इसे प्रोडक्ट, कस्टमर सर्विस, रिसर्च और बिजनेस ऑपरेशन में शामिल किया जा रहा है. बड़े AI मॉडल को ट्रेन करने और चलाने के लिए शक्तिशाली GPU, क्लाउड कंप्यूटिंग और बेहतर डेटा सेंटर की जरूरत होती है. AI इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर का रोल यहीं अहम हो जाता है. कंपनियों को लागत कम करने वाले टेक्निकल लोग चाहिए. भारत में AI, क्लाउड और डेटा सेंटर से जुड़ा काम बढ़ रहा है. हालांकि, जॉब्स कंपनी, अनुभव और मार्केट की स्थिति पर निर्भर करेंगी.

करियर में ग्रोथ के लिए कैसी स्किल्स चाहिए?

एआई इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर बनने के लिए सिर्फ AI टूल्स इस्तेमाल करना काफी नहीं है. इसके लिए मजबूत टेक्निकल बेस बनाना भी जरूरी है.

  • प्रोग्रामिंग: Python और C++ जैसी भाषाओं की समझ.
  • ऑपरेटिंग सिस्टम: Linux और कंप्यूटर सिस्टम की जानकारी जरूरी है.
  • क्लाउड कंप्यूटिंग: AWS, Microsoft Azure या Google Cloud जैसे प्लेटफॉर्म पर काम करना सीखें.
  • GPU और मशीन लर्निंग: समझें कि GPU कैसे काम करते हैं और AI मॉडल को ट्रेन या डिप्लॉय कैसे किया जाता है
  • डिस्ट्रिब्यूटेड सिस्टम: कई सर्वर मिलकर बड़े काम कैसे करते हैं, इसकी जानकारी हासिल करें.
  • नेटवर्किंग और सिक्योरिटी: डेटा का सुरक्षित और तेजी से ट्रांसफर होना अहम है.

ये स्किल्स सीखने के लिए महंगे कोर्स में एडमिशन लेना ही एकमात्र रास्ता नहीं है. ऑनलाइन डॉक्यूमेंटेशन, ओपन-सोर्स प्रोजेक्ट और छोटे प्रैक्टिकल एक्सपेरिमेंट से भी शुरू कर सकते हैं.

1 करोड़ सैलरी वाली नौकरी कैसे पाएं?

अगर आप 1 करोड़ सैलरी का सपना देख रहे हैं तो समझ लें कि सालाना इतना वेतन हाई लेवल पर मिलता है. यह शुरुआती सैलरी नहीं है. इतना पैकेज आमतौर पर बड़ी टेक कंपनियों में अनुभवी इंजीनियर को मिलता है. यहां CTC और इन-हैंड सैलरी का अंतर समझना भी जरूरी है. किसी कंपनी का 1 करोड़ का पैकेज बेस सैलरी, बोनस और शेयर्स को मिलाकर बनता है. शेयरों की कीमत बदल सकती है और उनका भुगतान भी अलग-अलग समय पर हो सकता है. जॉब ऑफर देखते समय सिर्फ बड़े आंकड़े पर ध्यान न दें.

फ्रेशर्स शुरुआत कैसे करें?

अगर आप कॉलेज में हैं तो पहले कंप्यूटर साइंस, ऑपरेटिंग सिस्टम, नेटवर्किंग और प्रोग्रामिंग के बेसिक्स मजबूत करें. इसके बाद क्लाउड पर छोटे प्रोजेक्ट बनाएं. उदाहरण के लिए, AI मॉडल को ऑनलाइन चलाने वाला सिस्टम तैयार करें, उसकी परफॉर्मेंस को मॉनिटर करे और जरूरत के हिसाब से रिसोर्सेस का इस्तेमाल करें. अपने प्रोजेक्ट GitHub पर रखें और उसमें बताएं कि आपने क्या बनाया, कौन-सी प्रॉब्लम सॉल्व की और लागत या स्पीड को बेहतर कैसे किया.

AI इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियरिंग कोडिंग के साथ कंप्यूटर सिस्टम और क्लाउड टेक्नोलॉजी में दिलचस्पी रखने वालों के लिए अच्छा ऑप्शन है.



Source link