Last Updated:
Rajendra Rathore News : राजस्थान में चल रहे पंचायत चुनावों को लेकर पूरे सूबे में राजनीति गरमाई हुई है. बीजेपी और कांग्रेस के नेता अलग-अलग अंदाज में वोट मांग रहे हैं. चूरू में बीजेपी के दिग्गज नेता पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने गाना गाकर वोट मांगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की. इस चुनाव में राजेन्द्र राठौड़ ने अपने बेटे पराक्रम सिंह और बहू कनिका सिंह की ‘पॉलिटिकल लॉचिंग’ की है. उनके बेटे और बहू दोनों बीजेपी की टिकट पर जिला परिषद सदस्य के लिए चुनाव मैदान में हैं.
चूरू में नामांकन सभा को संबोधित करते राजेन्द्र राठौड़.
चूरू. पंचायती राज चुनाव को लेकर पूरे सूबे में हलचल हो रही है. गांवों की सरकार बनाने के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों पूरा जोर लगा रही है. इसी कड़ी में गुरुवार को चूरू मुख्यालय पर जिला परिषद सदस्य पद के लिए भाजपा प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन-पत्र दाखिल किए. इससे पहले बीजेपी की नामांकन सभा आयोजित की गई. इस मौके पर बीजेपी के कद्दावर नेता राजेन्द्र राठौड़ ने झोली फैलाकर कार्यकर्ताओं से गिले-शिकवे दूर किए. भाजपा की नामांकन रैली में 39 जिला परिषद प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया.
इनमें राजेन्द्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और पुत्रवधू कनिका सिंह भी शामिल है. इस दौरान राठौड़ ने फिल्मी गीत ‘अहसान मेरे दिल पर तुम्हारा है दोस्तों, ये दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तों’ गाकर कार्यकर्ताओं से भावनात्मक जुड़ाव बनाने की भी कोशिश की. राठौड़ के बेटे और बहू की इस बार पंचायत चुनावों से राजनीति में एंट्री हो रही है. चूरू में इस बार जिला प्रमुख का पद सामान्य के लिए खुला है. माना जा रहा है कि अगर बीजेपी को चूरू में जीत मिलती है तो राठौड़ के पुत्र और पुत्रवधू में से जिला प्रमुख पद के लिए दावेदारी पेश की जा सकती है.
राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने की कसम दिलाई
सभा का आयोजन सैनिक कॉलोनी में स्थित पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के आवास के सामने किया गया. सभा को संबोधित करते हुए राजेंद्र राठौड़ ने टिकट वितरण के बाद नाराज चल रहे कार्यकर्ताओं से गिले-शिकवे दूर करने की अपील की. उन्होंने झोली फैलाकर कहा कि पार्टी में टिकट किसी एक व्यक्ति को ही मिलता है. इसलिए जिन्हें टिकट नहीं मिला वे मन में कोई नाराजगी नहीं रखें. करीब 15 मिनट के संबोधन में राठौड़ ने कई बार कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने की कसम दिलाई.
राठौड़ बोले-गांवों के विकास के लिए तीसरा इंजन जोड़ना जरुरी है
राठौड़ ने कहा कि वे जिम्मेदारी के साथ कह रहे हैं कि निकाय चुनाव में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई और अब पंचायती राज चुनाव में भी पार्टी जीत दर्ज कराएगी. सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मिलकर चुनाव लड़ना होगा. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी जातिगत भेदभाव नहीं किया और न ही कोई उन्हें खरीद सकता है. प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है. अब तीसरा इंजन जोड़ना है ताकि गांवों में विकास कार्यों को गति मिल सके. गांवों के विकास के लिए भाजपा की गांवों में सरकार बनाना जरूरी है.
विधायक सहारण बोले-किसी भी तरह की सौदेबाजी से बचें
चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि भजनलाल सरकार के कार्यकाल में गांवों में विकास के कार्य हुए हैं. इन कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए डबल इंजन की सरकार में तीसरा इंजन जोड़ना जरूरी है. उन्होंने कहा कि चूरू जिले को मरुस्थलीय जिला घोषित किए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को और गति मिलेगी. सहारण ने यमुना जल समझौते का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को इस समझौते के लिए उसी तरह याद किया जाएगा जिस तरह कुंभाराम आर्य को याद किया जाता है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में किसी भी तरह की सौदेबाजी से बचने की नसीहत भी दी. नामांकन सभा में रतनगढ़ के पूर्व विधायक अभिनेश महर्षि, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, डॉ. वासुदेव चावला, पराक्रम सिंह, कनिका सिंह सहित अन्य प्रत्याशी मंचासीन रहे.