Last Updated:
Motihari News: बिहार के मोतिहारी में चोरों ने साई बाबा मंदिर को निशाना बनाया. शहर के मिस्कॉट मोहल्ला स्थित मंदिर में घुसकर चोर चांदी का छत्र और गणेश जी की मूर्ति का मुकुट ले उड़े. छत्र का वजन करीब 8 से 10 किलो बताया जा रहा है. वहीं, गणेश जी का मुकुट लगभग 100 ग्राम वजनी है.
मोतिहारी के साई बाबा मंदिर में चोरी हो गई.
मोतिहारीः बिहार के मोतिहारी में मंदिर में चोरी की खबर सामने आई. मिस्कॉट मोहल्ला स्थित साई बाबा मंदिर में चोरी हो गई. चोरों ने मंदिर का दरवाजा तोड़कर बाबा के दरबार की कुंडी उखाड़ दी. करीब 8 से 10 किलो वजनी छत्र और गणेश जी की मूर्ति का लगभग 100 ग्राम वजनी मुकुट चोरी कर लिया. इसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख है. घटना के समय पुजारी मंदिर में ही सो रहे थे.
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने मंदिर का दरवाजा तोड़ा और अंदर एंट्री ली. इसके बाद बाबा के दरबार की कुंडी उखाड़ दी. चोर वहां रखा चांदी का छत्र और गणेश जी की मूर्ति का मुकुट लेकर फरार हो गए. घटना में मंदिर की दान पेटी सुरक्षित बताई जा रही है. चोर अपना औजार मंदिर में ही छोड़ गए.
25 लाख रुपये तक हो सकती है कीमत
मंदिर से चोरी हुए सामान का वजन काफी अधिक बताया जा रहा है. छत्र का वजन करीब 8 से 10 किलो है. वहीं, मुकुट का वजन लगभग 100 ग्राम बताया गया है. चांदी के भाव के आधार पर इन दोनों की कच्ची चांदी की कीमत करीब 19 लाख से 23 लाख रुपये तक हो सकती है. हालांकि, यह शुरुआती अनुमान है.
जांच में जुटी पुलिस
राजेश कुमार उर्फ गुड्डू ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मामले में थाने में लिखित आवेदन भी दिया गया है. उन्होंने बताया कि मंदिर की दान पेटी सुरक्षित है. चोर अपना औजार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए. अब पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की पहचान को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.