JNVST Admission 2027: जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) में पढ़ने का सपना देख रहे छात्रों के लिए जरूरी खबर है. एकेडमिक सेशन 2027-28 में कक्षा 9वीं और 11वीं में एडमिशन के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख नजदीक आ गई है. दरअसल नवोदय विद्यालय समिति ने रजिस्ट्रेशन की तारीख बढ़ाकर 22 अक्टूबर 2026 कर दी है. ऐसे में जिन छात्रों ने अभी तक फॉर्म नहीं भरा है, वे जल्द से जल्द आवेदन कर दें. खास बात यह है कि आवेदन फॉर्म में गलती सुधारने का मौका भी दिया जाएगा.
22 अक्टूबर तक करें रजिस्ट्रेशन
नवोदय विद्यालय समिति ने कक्षा 9वीं और 11वीं में एडमिशन के लिए आवेदन की आखिरी तारीख दूसरी बार बढ़ाई है. पहले आवेदन की आखिरी तारीख 30 सितंबर थी, जिसे बढ़ाकर 15 अक्टूबर किया गया था. अब छात्रों को आवेदन के लिए 22 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया है.
कक्षा 9वीं में एडमिशन के लिए छात्र यहां क्लिक करके आवेदन कर सकते हैं. वहीं, कक्षा 11वीं के लिए इस लिंक से रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है. आवेदन करने से पहले छात्र अपनी योग्यता और जरूरी डॉक्यूमेंट्स की जानकारी जरूर जांच लें.
कब होगी नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा?
कक्षा 9वीं और 11वीं में एडमिशन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) का आयोजन 10 अप्रैल 2027 को किया जाएगा. दोनों कक्षाओं के लिए परीक्षा में सफल होने वाले छात्रों को उपलब्ध सीटों और तय नियमों के अनुसार एडमिशन दिया जाएगा.
फॉर्म में गलती सुधारने का भी मिलेगा मौका
अगर आवेदन करते समय किसी छात्र से गलती हो जाती है, तो उसे सुधारने का अवसर भी मिलेगा. इसके लिए 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक का समय तय किया गया है. इस दौरान छात्र कैटेगरी, जेंडर, क्षेत्र और दिव्यांगता से जुड़ी जानकारी में जरूरी सुधार कर सकेंगे.
आवेदन के लिए किन डॉक्यूमेंट्स की होगी जरूरत?
रजिस्ट्रेशन करते समय छात्रों को अपनी फोटो, हस्ताक्षर, माता-पिता या अभिभावक के हस्ताक्षर, पहचान पत्र और एकेडमिक रिकॉर्ड से जुड़े डॉक्यूमेंट्स तैयार रखने होंगे. आवेदन में मांगे जाने पर आधार कार्ड की जानकारी भी देनी होगी.
इसके अलावा जन्म प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की मार्कशीट या प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और जरूरत के अनुसार जाति या दिव्यांगता प्रमाण पत्र की आवश्यकता हो सकती है. ग्रामीण क्षेत्र के कोटे के तहत आवेदन करने वाले छात्रों को संबंधित प्रमाण पत्र भी देना पड़ सकता है. इसके अलावा, डॉक्यूमेंट्स से जुड़ी शर्तों को आधिकारिक नोटिफिकेशन में जरूर जांचें.
कक्षा 9वीं में एडमिशन के लिए योग्यता
कक्षा 9वीं में एडमिशन के लिए छात्र का एकेडमिक सेशन 2026-27 में किसी सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 8वीं में पढ़ना जरूरी है. इसके अलावा, स्कूल उसी जिले में होना चाहिए, जहां स्थित नवोदय विद्यालय में छात्र एडमिशन लेना चाहता है. साथ ही छात्र का निवास स्थान भी उसी जिले में होना चाहिए.
आयु सीमा की बात करें तो छात्र का जन्म 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होना चाहिए. दोनों तारीखों को इसमें शामिल किया गया है. जो छात्र पहले ही कक्षा 8वीं पास कर चुके हैं या इस प्रवेश परीक्षा में पहले शामिल हो चुके हैं, वे तय नियमों के अनुसार दोबारा आवेदन नहीं कर सकते.
कक्षा 9वीं की परीक्षा में पूछे जाएंगे 100 सवाल
कक्षा 9वीं की प्रवेश परीक्षा में कुल 100 MCQ सवाल पूछे जाएंगे. परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसके लिए ढाई घंटे का समय मिलेगा. मैथ और जनरल साइंस से 35-35 सवाल पूछे जाएंगे. वहीं, इंग्लिश और हिंदी से 15-15 सवाल होंगे. हालांकि, परीक्षा में गलत जवाब देने पर कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी.
कक्षा 11वीं में एडमिशन के लिए योग्यता
कक्षा 11वीं में एडमिशन के लिए छात्र का एकेडमिक सेशन 2026-27 में किसी सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल से कक्षा 10वीं की पढ़ाई करना जरूरी है. छात्र भारतीय नागरिक होना चाहिए और जिस जिले में वह कक्षा 10वीं की पढ़ाई कर रहा है, उसी जिले के नवोदय विद्यालय में एडमिशन के लिए आवेदन कर सकता है. ध्यान रहे उसका निवास स्थान भी उसी जिले में होना चाहिए.
आयु सीमा के अनुसार, छात्र का जन्म 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच होना चाहिए. जो छात्र एकेडमिक सेशन 2026-27 से पहले ही कक्षा 10वीं पास कर चुके हैं, वे इस प्रवेश परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे.
कक्षा 11वीं की परीक्षा का पैटर्न
कक्षा 11वीं की प्रवेश परीक्षा में भी कुल 100 सवाल होंगे और परीक्षा 100 अंकों की होगी. छात्रों को पेपर हल करने के लिए ढाई घंटे का समय दिया जाएगा. परीक्षा में मेंटल एबिलिटी, इंग्लिश, साइंस, सोशल साइंस और मैथ से 20-20 सवाल पूछे जाएंगे. प्रश्न पत्र हिंदी और इंग्लिश दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा. इसमें भी नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी.
कक्षा 11वीं में स्ट्रीम चुनने का विकल्प
कक्षा 11वीं में आवेदन करने वाले छात्र अपनी पसंद के अनुसार साइंस, कॉमर्स, आर्ट्स या वोकेशनल स्ट्रीम चुन सकते हैं. छात्र अधिकतम दो स्ट्रीम के लिए विकल्प भर सकते हैं. प्रत्येक चुनी गई स्ट्रीम के लिए अधिकतम तीन नवोदय विद्यालयों का विकल्प भी दिया जा सकता है. हालांकि, एडमिशन सीटों की उपलब्धता और समिति के तय नियमों के आधार पर मिलेगा.
JNVST 2027 के लिए कैसे करें आवेदन?
1. आवेदन करने के लिए सबसे पहले नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट navodaya.gov.in पर जाएं.
2. वहां कक्षा 9वीं और 11वीं के रजिस्ट्रेशन से जुड़ा लिंक खोलें.
3. इसके बाद संबंधित कक्षा का आवेदन फॉर्म भरें और मांगी गई जानकारी दर्ज करें.
4. फॉर्म में जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करने के बाद सभी जानकारियों को ध्यान से जांच लें.
5. आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए वेबसाइट पर दिए गए निर्देशों का पालन करें और फॉर्म सबमिट कर दें.
6. आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंटआउट या कॉपी सुरक्षित रख लें, ताकि आगे जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जा सके.
छात्रों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नोटिफिकेशन पढ़ लें. इससे आयु सीमा, पात्रता, डॉक्यूमेंट्स और आवेदन से जुड़े नियमों को समझने में मदद मिलेगी.