Last Updated:
Una Dera Baba Rudranad News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में डेरा बाबा रुद्रानंद के फंड को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक आरोप लगाने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. आश्रम के अधिष्ठाता स्वामी हेमानंद महाराज ने इन आरोपों को निराधार बताया है.
ऊना. हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के धार्मिक आश्रम डेरा बाबा रुद्रानंद के फंड को लेकर सोशल मीडिया पर आरोप लगाने के मामले में पुलिस ने दर्ज किया है. बंगाणा पुलिस ने हिमाचल प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव एग्रीकल्चर सर्विस सोसाइटी इंप्लाइज यूनियन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रवीण शर्मा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है. आरोप है कि सोशल मीडिया पर फंड के दुरुपयोग को लेकर भ्रामक जानकारी दी गई.
बंगाणा के रोणखर गांव निवासी प्रवीण शर्मा ने एसपी को दी शिकायत में यह आरोप लगाया है. उधर, डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम के प्रबंधन, कार्यप्रणाली और ट्रस्ट को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के बीच आश्रम के अधिष्ठाता स्वामी हेमानंद महाराज ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा.
उन्होंने आश्रम पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताते हुए आरोप लगाने वालों से साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा. स्वामी हेमानंद महाराज ने कहा कि आश्रम की व्यवस्थाएं पारदर्शी हैं और यहां धार्मिक गतिविधियां सनातन परंपराओं के अनुरूप संचालित की जाती हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति को आश्रम के लेन-देन या प्रबंधन को लेकर कोई संदेह है, तो वह आश्रम कार्यालय में आकर संबंधित रिकॉर्ड और रसीदों की जांच कर सकता है.
उन्होंने आश्रम की छवि खराब करने के प्रयासों पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि बेबुनियाद आरोप लगाकर धार्मिक स्थल की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. स्वामी ने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे किसी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचें.
महंत स्वामी हेमानंद महाराज ने कहा कि पूज्य गुरु महाराज ने उन्हें आश्रम का अधिष्ठाता और गद्दीनशीन बनाया है. ट्रस्टियों, सेवकों और श्रद्धालुओं से जुड़ी व्यवस्थाएं उनके मार्गदर्शन में संचालित होती हैं. आश्रम के लेन-देन को लेकर किसी को शंका है, तो वह कार्यालय में आकर संबंधित रिकॉर्ड और रसीदें देख सकता है. अदालती मामलों और आश्रम के सरकारी अधिग्रहण से जुड़ी कोशिशों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग आश्रम की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं. उनके अनुसार, आश्रम करोड़ों सनातन धर्म प्रेमियों और श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है.
स्वामी हेमानंद महाराज ने कहा कि संत परंपरा के अनुसार वह सभी के लिए सद्बुद्धि की कामना करते हैं, लेकिन आश्रम की मर्यादा और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के प्रयास बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई जानबूझकर भ्रामक आरोप लगाकर आश्रम को बदनाम करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी. उन्होंने श्रद्धालुओं से अफवाहों से दूर रहने की अपील की.