Last Updated:
पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों विवादों में हैं. उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित मेले में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंगर की परफॉर्मेंस रोकर उन्हें डांट लगाई. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद से बॉलीवुड कलाकार लगातार दलेर मेहंदी का सपोर्ट कर रहे हैं. मीका सिंह, बादशाह, पलाश सेन के बाद अब दिग्गज एक्टर अनुपम खेर ने भी सिंगर को सपोर्ट किया है. अनुपम खेर का कहना है कि वो 35 साल से दलेर मेहंदी को जानते हैं और उन्हें पता है कि सिंगर शराब नहीं पीते हैं.
अनुपम खेर को दलेर मेहंदी के अपमान से ठेस पहुंची. (फाइल फोटो, इंस्टाग्राम anupampkher)
नई दिल्ली. पंजाबी रॉकस्टार दलेर मेहंदी को लेकर विवाद बढ़ते जा रहा है. उत्तराखंड में आयोजित एक इवेंट के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उनकी परफॉर्मेंस रोक उन्हें मंच पर डांट-फटकार लगाई थी. देखते ही देखते सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो गया और कई बॉलीवुड सितारे सिंगर के सपोर्ट में उतरे. मीका सिंह, बादशाह, पलाश सेन, कपिल शर्मा, हर्षदीप कौर, अलीशा चिन्नई जैसे सितारों ने दलेर मेहंदी का सपोर्ट करते हुए बार-बार इस बात पर जोर दिया कि सिंगर शराब पीते ही नहीं हैं. वो लंबे समय से बीमार चल रहे हैं जिसकी वजह से वो मंच पर परफॉर्म नहीं कर पा रहे थे.
अब दिग्गज एक्टर अनुपम खेर ने भी वीडियो शेयर कर अपने दोस्त दलेर मेहंदी का सपोर्ट किया है. अनुपम खेर ने कहा कि उन्हें इस बात से बहुत ठेस पहुंची है. वो फिलहाल विदेश में हैं और उन्होंने वीडियो देखा तो उन्हें काफी बुरा लगा. एक्टर ने अपने पोस्ट में कैबिनेट मंत्री से भी सवाल किया कि वो अपनी नाराजगी अलग से भी जाहिर कर सकते थे. उन्हें सिंगर को स्टेज पर बेइज्जत नहीं करना चाहिए था.
अनुपम खेर ने विदेश से दलेर मेहंदी को सपोर्ट किया
अनुपम खेर को पहुंची ठेस
अनुपम खेर ने आगे कहा कि किसी को कलाकार की परफॉर्मेंस पसंद न आए या उससे कोई शिकायत हो, तो नाराजगी जाहिर करना गलत नहीं है. हालांकि, किसी कलाकार को सबके सामने मंच पर इस तरह अपमानित करने के बजाय उससे अकेले में सम्मान के साथ बात की जा सकती थी. अपनी बात रखने के कई तरीके होते हैं और सामने वाले की गरिमा का ख्याल रखना भी उतना ही जरूरी है.
फोटो साभार इंस्टाग्राम anupampkher
अनुपम खेर ने अपने पोस्ट में साफ किया वो दलेर मेहंदी को 30-35 साल से जानते हैं और जितना वो जानते हैं उन्होंने कभी सिंगर को शराब पीते नहीं देखा है. दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं. एक्टर ने दलेर मेहंदी का सपोर्ट करते हुए उनके साथ हुए बर्ताव पर अफसोस जताया. उन्होंने इंडस्ट्री के बाकी लोगों से भी सिंगर का सपोर्ट करने की अपील की.