कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने बीमित कर्मचारियों के परिवारों को राहत देते हुए अंतिम संस्कार के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता बढ़ा दी है. अब किसी बीमित कर्मचारी की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के खर्च यानी (Funeral Expense) के लिए पात्र परिवार के सदस्य को 20,000 रुपये दिए जाएंगे. पहले यह राशि 15,000 रुपये थी. यानी अब परिवार को 5,000 रुपये ज्यादा की मदद मिलेगी.
ESIC ने अंतिम संस्कार की राशि क्यों बढ़ाई?
अंतिम संस्कार के दौरान परिवार को कई तरह के खर्च उठाने पड़ते हैं. ऐसे समय में आर्थिक सहायता मिलने से परिवार को कुछ राहत मिल सकती है. इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए ESIC ने अंतिम संस्कार के लिए मिलने वाली राशि 15,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये कर दी है.
इस बदलाव की जानकारी सामने आने के बाद ऑल इंडिया NPS एम्प्लॉइज फेडरेशन (AINPSEF) ने फैसले का स्वागत किया. संगठन ने कहा कि इस जानकारी को कर्मचारियों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवार इस सुविधा का फायदा उठा सकें.
अंतिम संस्कार के लिए किसे मिलेगी रकम?
नियमों के मुताबिक, यह सहायता मृत बीमित कर्मचारी के परिवार के सबसे बड़े जीवित सदस्य को दी जाएगी. इसका उद्देश्य अंतिम संस्कार से जुड़े खर्चों को पूरा करने में मदद करना है. हालांकि, कुछ परिस्थितियों में यह राशि किसी दूसरे व्यक्ति को भी मिल सकती है. अगर मृत कर्मचारी का कोई परिवार नहीं है या मृत्यु के समय वह अपने परिवार के साथ नहीं रह रहा था, तो अंतिम संस्कार का खर्च वास्तव में उठाने वाला व्यक्ति इस सहायता का पात्र हो सकता है. यानी ऐसी स्थिति में मदद उस व्यक्ति को दी जा सकती है, जिसने अपनी जेब से अंतिम संस्कार का खर्च किया हो. पात्रता संबंधित नियमों के अनुसार तय होगी.
कब से लागू है नया नियम?
ESIC ने 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम संस्कार सहायता की नई राशि तय करने की अधिसूचना जारी की थी. इसे 16 अक्टूबर को सरकारी राजपत्र में प्रकाशित किया गया. हालांकि, इसकी प्रभावी तारीख 8 मई 2026 रखी गई है. नया प्रावधान 8 मई 2026 से लागू माना जाएगा. यह राशि सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 की धारा 32(1)(f) और सामाजिक सुरक्षा (केंद्रीय) नियम, 2026 के नियम 21 के तहत तय की गई है.
कर्मचारियों के परिवारों को कैसे मिलेगी सहायता?
यह सुविधा ESIC के तहत बीमित कर्मचारी की मृत्यु होने पर पात्र दावेदारों के लिए है. इसलिए हर कर्मचारी या उसके परिवार को यह मानकर नहीं चलना चाहिए कि यह राशि सभी मामलों में अपने आप मिल जाएगी. सहायता पाने के लिए संबंधित पात्रता और क्लेम प्रोसेस पूरा करना जरूरी हो सकता है. कर्मचारियों और उनके परिवारों को ESIC के आधिकारिक माध्यमों से आवेदन का प्रोसेस और जरूरी डॉक्यूमेंट्स की जानकारी लेनी चाहिए.