Last Updated:
Aging Sign: समय के साथ चेहरे पर झुर्रियां आना, बालों का सफेद होना और शरीर की ताकत कम होना स्वाभाविक है. आमतौर पर लोग इन बदलावों को 50 या 60 साल की उम्र के बाद महसूस करते हैं. हालांकि, कुछ लोगों में उम्र बढ़ने के लक्षण कम उम्र में ही दिखाई देने लगते हैं. इसके पीछे खराब खानपान, तनाव, नींद की कमी, धूम्रपान और अस्वस्थ जीवनशैली जैसे कई कारण हो सकते हैं.
कुछ स्वास्थ्य समस्याएं भी शरीर पर समय से पहले बुढ़ापे के लक्षण दिखा सकती हैं. ऐसे में जरूरी है कि शरीर में होने वाले बदलावों को नजरअंदाज न किया जाए. ये समझना जरूरी है कि सिर्फ सफेद बाल और त्वचा पर झुर्रियां ही बढ़ती उम्र का संकेत नहीं हैं. आइए जानते हैं ऐसे 7 संकेतों के बारे में, जो कम उम्र में शरीर में दिखाई दें तो उनकी वजह जानना जरूरी है.
त्वचा पर समय से पहले झुर्रियां आना- उम्र बढ़ने के साथ त्वचा का लचीलापन कम होने लगता है. इससे चेहरे पर झुर्रियां और महीन रेखाएं दिखाई देने लगती हैं. लेकिन अगर 30 साल की उम्र से पहले ही माथे और आंखों के आसपास गहरी झुर्रियां दिखने लगें, तो इसके पीछे तेज धूप, धूम्रपान, शराब, पानी की कमी और खराब खानपान जैसे कारण हो सकते हैं जो आपको जल्दी बूढ़ा करने के लिए जिम्मेदार होते हैं.
बालों का जल्दी सफेद होना या झड़ना- बालों का रंग मेलेनिन नामक पिगमेंट से तय होता है. इसकी कमी से बाल सफेद होने लगते हैं. तनाव, आनुवंशिक कारण और पोषण की कमी इसमें भूमिका निभा सकते हैं. वहीं, 30 साल से पहले बालों का तेजी से झड़ना भी ध्यान देने योग्य है. हालांकि, इसके पीछे हार्मोनल बदलाव और दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पर्याप्त नींद के बाद भी थकान- अगर अच्छी नींद लेने के बाद भी दिनभर थकान और कमजोरी महसूस होती है, तो इसे नजरअंदाज न करें. लगातार थकान के पीछे तनाव, खून की कमी, थायरॉइड की समस्या या नींद संबंधी परेशानियां हो सकती हैं.
मांसपेशियों की ताकत कम होना- अगर कम उम्र में ही मांसपेशियां कमजोर होने लगें या रोजमर्रा के काम करने में परेशानी हो, तो इसकी वजह जानना जरूरी है. पर्याप्त प्रोटीन न मिलना, शारीरिक गतिविधि की कमी और कुछ बीमारियां मांसपेशियों की ताकत को प्रभावित कर सकती हैं.
आंखों और सुनने की क्षमता में बदलाव- उम्र बढ़ने के साथ नजर और सुनने की क्षमता प्रभावित हो सकती है. लेकिन कम उम्र में धुंधला दिखाई देना या सुनने में परेशानी होना केवल बुढ़ापे का संकेत नहीं है. तेज आवाज के संपर्क में रहना, आंखों की समस्याएं और दूसरी स्वास्थ्य स्थितियां इसकी वजह हो सकती हैं.
पेट की परेशानी और अचानक वजन बढ़ना- लगातार कब्ज, गैस, एसिडिटी और पेट फूलने जैसी समस्याएं पाचन संबंधी परेशानी का संकेत हो सकती हैं. वहीं, बिना किसी स्पष्ट कारण के पेट के आसपास चर्बी बढ़ना भी ध्यान देने योग्य है. तनाव, हार्मोनल बदलाव, खानपान और शारीरिक गतिविधि की कमी इसके कारण हो सकते हैं.