Last Updated:
नवरात्रि का समय चल रहा है और इस दौरान कन्या भोज से लेकर भंडारा आदि कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं. अपनी सुविधा और बजट के अनुसार लोग पूड़ी-सब्जी से लेकर खीर और मिठाई आदि परोसते हैं. नवरात्रि में अधिकतर लोग मीठे के नाम पर हलवा परोसते हैं. तो यदि आप भी नवरात्रि में कन्या भोज या भंडारा की तैयारी कर रहे हैं तो आज हम आपको खीर की बेहतरीन विधि के बारे में बताने जा रहे हैं.
शिखा श्रेया/रांची: नवरात्रि का समय चल रहा है और जगह-जगह लोग कन्या खिलाने से लेकर भंडारा का आयोजन कर रहे हैं. यदि आप भी अपने कन्या भोज या फिर भंडारा में लोगों को खीर खिलाना चाहते हैं तो आज हम आपको कम दूध में रबड़ी की तरह एकदम गाढ़ी खीर बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं. हम आपको 2 लीटर दूध से रबड़ी की तरह गाढ़ी खीर बनाने के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं. रांची की गृहणी उषा ने स्टेप बाय स्टेप रबड़ी की तरह गाढ़ी खीर बनाने का तरीका बताया है.
उषा ने बताया कि सबसे पहला काम दूध को उबालने का करना है. 2 लीटर दूध को उबालने के बाद उसमें आधा लीटर पानी डाल दीजिए और इसके बाद 15 से 20 मिनट तक उसे अच्छे से खौला दीजिए. इसके बाद इसमें आपको चार चम्मच दूध पाउडर डालना है. यही दूध को और गाढ़ा कर देता है और आपकी खीर काफी टेस्टी और रबड़ी जैसी लगने लगती है. आप इसमें चाहें तो मिल्कमेड भी डाल सकते हैं. दूध पाउडर आप किराने की दुकान से 5-10 रुपये का छोटा पैकेट खरीद सकते हैं.
दूध पाउडर कम से कम दो चम्मच होना चाहिए. आप चाहें तो चार चम्मच भी डाल सकते हैं लेकिन, 2 लीटर दूध में इससे ज्यादा इस्तेमाल ना करें. दूध पाउडर डालने के बाद इसे अच्चे से खौला लें. इसमें काजू किशमिश और इलायची भी डाल दीजिए.
इसमें आपको एक पाव चावल डालना है और 2 किलो दूध डालना है. एक पाव से 1.5 पाव के बीच चावल डालें. खीर में चावल डालते समय इस बात का ध्यान रखना है कि आपके गैस की आंच एकदम स्लो या धीमा होना चाहिए. स्लो फ्लेम में कम से कम 45 मिनट के लिए छोड़ दीजिए. बीच-बीच में चलाते भी रहना है और एल्युमिनियम के बर्तन में ही खीर बनाने का प्रयास करिए. स्टील के बर्तन में इसके जलने का डर होता है.
45 से 50 मिनट के बाद आप देखेंगे कि आपकी खीर एकदम बनकर तैयार है. गैस को ऑफ कर दीजिए और नीचे उतार लीजिए और नीचे उतारने के बाद आपको इसमें चीनी डालना है. आप अपने स्वाद अनुसार चीनी डालिए, 10 मिनट छोड़ दीजिए लीजिये बनकर और है आपका एकदम रबड़ी जैसा खीर.