ट्रिप से मिला बिजनेस आइडिया, MNC की नौकरी छोड़ पहाड़ लौटीं MBA पास श्वेता, अब अपने हुनर से बना रहीं पहचान

ट्रिप से मिला बिजनेस आइडिया, MNC की नौकरी छोड़ पहाड़ लौटीं MBA पास श्वेता, अब अपने हुनर से बना रहीं पहचान


नैनीताल: कहते हैं कि अगर अपने हुनर और शौक पर भरोसा हो, तो उसे रोजगार का जरिया भी बनाया जा सकता है. उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र की श्वेता इसकी मिसाल पेश कर रही हैं.  MBA करने के बाद नोएडा की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाली श्वेता ने शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी छोड़कर पहाड़ लौटने का फैसला किया. यहां उन्होंने अपनी हॉबी को कारोबार में बदलते हुए ऊन से बनने वाले आकर्षक ‘बोबो ब्रेइड्स’ तैयार करने शुरू किए. आज उनके बनाए रंग-बिरंगे हेयर एक्सेसरीज युवाओं को पसंद आ रहे हैं. खासकर नवरात्र के दौरान डांडिया और गरबा नाइट में इनकी मांग देखने को मिल रही है.

श्वेता नैनीताल के पास श्यामखेत क्षेत्र में रहती हैं. उन्होंने मार्केटिंग एंड फाइनेंस में एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद नोएडा की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम किया. हालांकि, कॉर्पोरेट क्षेत्र में काम करने के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि शहर की जिंदगी काफी तनावपूर्ण और भागदौड़ भरी है. ऐसे में उन्होंने पहाड़ों में लौटकर अपने दम पर कुछ नया करने का फैसला लिया. श्वेता बताती हैं कि ऊन से बोबो ब्रेइड्स बनाने का विचार उनकी रुचि से जुड़ा था. करीब दो महीने पहले उन्होंने इस काम की शुरुआत की. उन्होंने बताया कि वो हिमाचल घूमने गई थी, जहां उन्होंने देखा कि बोबो ब्रेइड्स बना कर लोग बेच रहे हैं, और काफी लोग पसंद भी कर रहे हैं. जिससे उन्हें इस काम को करने की प्रेरणा मिली, जिसके बाद उन्होंने अपने हुनर को एक छोटे कारोबार के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया. उनका कहना है कि शुरुआत भले ही छोटी है, लेकिन ग्राहकों से मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है.

क्या हैं ऊनी बोबो ब्रेइड्स, क्यों है युवाओं में क्रेज?

बोबो ब्रेइड्स रंग-बिरंगे ऊन से तैयार की जाने वाली आकर्षक हेयर एक्सेसरीज हैं, जिन्हें लड़कियां अपने बालों में लगाकर हेयरस्टाइल को नया लुक दे सकती हैं. इन्हें रबर की मदद से बालों में अटैच किया जाता है,  अलग-अलग रंगों और डिजाइन में तैयार होने वाली ये ब्रेड पारंपरिक परिधानों के साथ-साथ आधुनिक फैशन के लिए भी एक आकर्षक विकल्प बन रही हैं. नवरात्र के दौरान डांडिया और गरबा नाइट में सजने-संवरने का खास उत्साह रहता है. रंगीन कपड़ों, पारंपरिक आभूषणों और आकर्षक हेयरस्टाइल के साथ ऊनी बोबो ब्रेइड्स युवतियों के लुक में चार चांद लगा सकती हैं. यही वजह है कि इन दिनों इस तरह की हेयर एक्सेसरीज को लेकर युवाओं में दिलचस्पी दिखाई दे रही है. श्वेता के मुताबिक, उनके बनाए बोबो ब्रेइड्स को नैनीताल क्षेत्र में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. वह ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग रंगों में इन्हें तैयार करती हैं, ताकि लोग अपने कपड़ों और स्टाइल के अनुसार इनका चुनाव कर सकें.

50 रुपये से शुरू, बजट में फैशन का विकल्प

श्वेता ने अपने उत्पादों की कीमत भी इस तरह रखी है कि युवा आसानी से इन्हें खरीद सकें. वह एक बोबो ब्रेइड्स 50 रुपये प्रति पीस बेच रही हैं. वहीं, तीन पीस का सेट 100 रुपये में उपलब्ध करा रही हैं. इसके अलावा वह लड़कों के लिए ऊन से बने ब्रेसलेट भी तैयार करती हैं, जिनकी कीमत 50 रुपये है. कम कीमत में मिलने वाले ये उत्पाद उन युवाओं के लिए एक विकल्प हैं, जो अपने लुक में कुछ नया जोड़ना चाहते हैं. बोबो ब्रेइड्स के साथ ही ब्रेसलेट तैयार करके श्वेता अपने कारोबार में उत्पादों की विविधता भी बढ़ा रही हैं.

पति भी कर रहे मदद, पहाड़ में रोजगार की नई राह

श्वेता बताती हैं कि इस काम में उनके पति भी उनकी मदद करते हैं. परिवार के सहयोग और अपने हुनर के दम पर वह धीरे-धीरे इस कारोबार को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं. उनके लिए यह सिर्फ एक छोटा बिजनेस नहीं, बल्कि अपनी पसंद का काम करते हुए पहाड़ में रहने और आत्मनिर्भर बनने का एक रास्ता भी है. श्वेता का मानना है कि नोएडा की कॉर्पोरेट जिंदगी की तुलना में पहाड़ों का शांत वातावरण उन्हें अधिक सुकून देता है. यही वजह रही कि उन्होंने वापस लौटकर अपना काम शुरू किया. अब वह अपने उत्पादों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास कर रही हैं. भवाली की श्वेता की यह पहल बताती है कि रोजगार के लिए हमेशा बड़े शहरों का रुख करना जरूरी नहीं है, सही हुनर, मेहनत और परिवार का साथ मिले, तो पहाड़ों में रहकर भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है.



Source link