Last Updated:
अगर आप हवाई जहाज से सफर करते हैं, तो बैटरी, गैस और केमिकल जैसे सामान को लेकर सावधान रहें. सरकार ने खतरनाक सामान की ढुलाई के नियमों पर सख्ती बढ़ाई है. DGCA के अधिकारियों को विदेशी एयरलाइंस को मंजूरी देने और नियम तोड़ने पर सामान रोकने के ज्यादा अधिकार मिले हैं.
फ्लाइट में सामान ले जाने के रूल बदल गए हैं.
अगर आप हवाई जहाज से सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए है. विमान में आग लगने या किसी दूसरे हादसे का खतरा पैदा करने वाले सामान को लेकर सरकार ने नियमों पर सख्ती बढ़ा दी है. खतरनाक सामान की ढुलाई पर नजर रखने वाले DGCA के अधिकारियों को अब ज्यादा अधिकार मिलेंगे. वे विदेशी एयरलाइंस को ऐसे सामान की ढुलाई की इजाजत दे सकेंगे और नियम टूटने पर उसे ले जाने से रोकने के निर्देश भी दे सकेंगे.
लिथियम बैटरी, गैस, ज्वलनशील पदार्थ और कुछ केमिकल ऐसी चीजें हैं, जिन्हें विमान से ले जाते समय खास सावधानी बरतनी पड़ती है. गलत तरीके से पैक की गई बैटरी में आग लग सकती है. गैस और कुछ रसायनों से भी खतरा पैदा हो सकता है. इसका मतलब यह नहीं है कि मोबाइल या लैपटॉप की हर बैटरी ले जाना मना है. इन चीजों को ले जाने के लिए तय नियमों का पालन करना जरूरी है.
लेकर गए तो यात्रा करनी मुश्किल
नियम तोड़े तो सामान विमान में जाने से रोका जा सकता है. सरकार की नई अधिसूचना के तहत DGCA के अधिकृत अधिकारी एयरलाइंस को खतरनाक सामान की खेप स्वीकार नहीं करने का निर्देश दे सकेंगे. विदेशी एयरलाइंस को खतरनाक सामान ले जाने की मंजूरी देने या रोकने का अधिकार भी अधिकारियों के पास होगा. यानी सामान को विमान में चढ़ाने से पहले सुरक्षा नियमों का पालन हुआ है या नहीं, इस पर सख्ती से नजर रखी जा सकेगी.
सिर्फ एयरलाइंस नहीं, ट्रेनिंग देने वाले संस्थान भी दायरे में
खतरनाक सामान को सुरक्षित तरीके से संभालने और विमान से भेजने की ट्रेनिंग देने वाले संस्थानों को भी मंजूरी लेनी होगी. DGCA के अधिकारी इन संस्थानों को मंजूरी दे सकेंगे और नियम तोड़ने पर कार्रवाई कर सकेंगे. इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि खतरनाक सामान की ढुलाई से जुड़े लोग सुरक्षा के जरूरी नियम जानते हों.
सरकार के इस कदम का मकसद हवाई सफर को सुरक्षित बनाना और खतरनाक सामान की ढुलाई में लापरवाही रोकना है. यात्रियों के लिए जरूरी बात यह है कि विमान में सामान ले जाने से पहले एयरलाइन के नियम जरूर जांच लें, खासकर अगर आपके पास बैटरी या कोई ऐसा सामान है जिसे ले जाने पर पाबंदी या खास शर्तें लागू होती हैं. हर बैटरी पर रोक नहीं है, लेकिन नियमों की अनदेखी परेशानी में डाल सकती है.