Alwar Crime News: लिव-इन में रह रही युवती की संदिग्ध मौत, पलंग पर मिला शव; साथी युवक फरार

Alwar Crime News: लिव-इन में रह रही युवती की संदिग्ध मौत, पलंग पर मिला शव; साथी युवक फरार


Last Updated:

Alwar News: अलवर के नाहरपुर में लिव-इन में रह रही 30 वर्षीय कुमकुम का शव किराए के मकान में पलंग पर मिला. पास में ही टूटा हुआ मोबाइल फोन पड़ा मिला. युवती पिछले डेढ़ साल से योगेश चौधरी के साथ रह रही थी, जो घटना के बाद से फरार है और उसका फोन बंद आ रहा है. पुलिस को झगड़े के बाद गला दबाकर हत्या करने की आशंका है. शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद वास्तविक कारणों का पता चलेगा.

ख़बरें फटाफट

Zoom

Alwar News: लिव-इन में रह रही युवती की संदिग्ध मौत, साथी फरार

अलवर: अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के नाहरपुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 30 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. युवती का शव किराए के मकान की ऊपरी मंजिल पर पलंग पर पड़ा मिला. घटनास्थल के हालात और युवती के साथ रह रहे युवक के अचानक फरार हो जाने से पुलिस को हत्या की आशंका है. प्रारंभिक जांच में गला दबाकर वारदात को अंजाम दिए जाने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

मृतका की पहचान कुमकुम (पुत्री राजू), निवासी वृंदावन (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी मेव मोहल्ला, नाहरपुर के रूप में हुई है. वह वृंदावन निवासी योगेश चौधरी के साथ पिछले करीब डेढ़ साल से नाहरपुर में रंजीत सिंह के मकान की ऊपरी मंजिल पर किराए से रह रही थी. पुलिस के अनुसार, मकान में रहने वाले पड़ोसियों ने कुमकुम को कई घंटों तक पलंग पर एक ही स्थिति में पड़े देखा. काफी देर तक जब कोई हलचल नहीं हुई, तो उन्होंने मकान मालिक को इस बात की सूचना दी. मकान मालिक के मौके पर पहुंचने पर युवती पलंग पर मृत स्थिति में मिली और उसके पास ही एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी पड़ा मिला.

झगड़े के बाद वारदात की आशंका, युवक फरार
उद्योग नगर थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल ने बताया कि मकान मालिक की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. प्रारंभिक परिस्थितियों से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसके बाद युवती के साथ यह घटना हुई. युवती के साथ रह रहा योगेश चौधरी मौके से फरार है और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है तथा मामले के सभी कानूनी और तकनीकी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, परिजनों को दी सूचना
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है. मृतका के परिजनों को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है. परिजनों के पहुंचने के बाद सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है.



Source link