Alwar News: पारिवारिक विवाद ने लिया खौफनाक रूप, महिला और दो मासूम बच्चों की मौत से दांतिया गांव में मचा हड़कंप

Alwar News: पारिवारिक विवाद ने लिया खौफनाक रूप, महिला और दो मासूम बच्चों की मौत से दांतिया गांव में मचा हड़कंप


Last Updated:

Alwar Crime News: अलवर जिले के खेड़ली थाना क्षेत्र के दांतिया गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला होने की घटना सामने आई. इस घटना में एक महिला और दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को खेड़ली उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया.

ख़बरें फटाफट

Zoom

अलवर जिले के खेड़ली एक ही परिवार के विवाद में गई महिला और दो बच्चों की जान

अलवर: अलवर जिले के खेड़ली थाना क्षेत्र दांतिया गांव में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. एक ही परिवार की दो सगी बहनों के बीच हुए विवाद के दौरान धारदार हथियार चलने से महिला और दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही खेड़ली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दांतिया गांव निवासी जगदीश शर्मा की पुत्रवधुओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला किया गया. घटना के समय घर में परिवार के अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे. इस दौरान पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लहूलुहान हालत में खेड़ली उपजिला अस्पताल लाया गया. अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में एक मासूम ने दम तोड़ दिया. इसके बाद उपचार के दौरान एक अन्य बच्चे और एक महिला की भी मौत हो गई.

उषा, मुकुल और नंदी की मौत, दो गंभीर घायल रेफर
डॉक्टर संतोष कुमार से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान उषा (28 वर्ष), मुकुल (4 वर्ष) और नंदी (3 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना में घायल दो अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. हालांकि, घटना के दौरान किसने किस पर हमला किया और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई
घटना की जानकारी मिलते ही खेड़ली उपजिला अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने तीनों मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए हैं और मामले की जांच की जा रही है. एक ही परिवार में हुए इस खूनी संघर्ष से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है. पुलिस विवाद के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है.



Source link