Last Updated:
Health Supplement News: सप्लीमेंट के नाम पर जहर बिकने का बड़ा मामला सामने आया है. यूपीएफएसडीए ने कानपुर की केएसबी लाइफ केयर्स और ग्रेटर नोएडा की उर्मीलाइफ साइंस के लाइसेंस निलंबित करने के आदेश दिए हैं. जांच के दौरान बिना बैच मैन्युफैक्चरिंग रिकॉर्ड और लैब रिपोर्ट के हेल्थ सप्लीमेंट्स बनाए जाने का खुलासा हुआ है. उत्पादों की गुणवत्ता में भारी खामियां भी मिलीं. विभाग ने सीजर की कार्रवाई करते हुए नमूने जांच के लिए भेजे हैं.
सप्लीमेंट्स के नाम पर बन रहे जहर. हालांकि, अभी जांच के लिए लैब में सैंपल भेजे गए हैं.
रिपोर्ट- समीर सिंह
Duplicate Supplements News: बाजार में खुद को फिट और सेहतमंद रखने के लिए धड़ल्ले से इस्तेमाल किए जाने वाले हेल्थ सप्लीमेंट्स को लेकर डरावना खुलासा हुआ है. उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (UPFSDA) ने स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाली दो बड़ी फर्मों के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन लिया है. विभाग ने कानपुर की ‘KSB लाइफ केयर्स’ और ग्रेटर नोएडा की ‘उर्मीलाइफ साइंस’ नामक फर्मों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति कर दी है. इन दोनों फर्मों के परिसरों पर की गई छापेमारी के दौरान कई अनियमितताएं देखी गई हैं, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है.
यूपी एफएसडीए की जांच में सामने आया कि ये फर्में बिना किसी बैच मैन्युफैक्चरिंग रिकॉर्ड के ही हेल्थ सप्लीमेंट्स का धड़ल्ले से निर्माण कर रही थीं. उत्पादों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के कोई भी विश्लेषण प्रमाणपत्र (COA) मौके पर नहीं मिले. जब तैयार उत्पादों की जांच रिपोर्ट और बैच रिलीज के जरूरी दस्तावेज भी गायब मिले. बिना किसी एनएबीएल (NABL) लैब की अप्रूव्ड रिपोर्ट के ही इन संदिग्ध उत्पादों को री-लेबलर को सौंप दिया गया था, जिससे आम जनता की सेहत पर भारी खतरा मंडरा रहा था.
अधिकारियों ने की सीजर की कार्रवाई और भेजे नमूने
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने दोनों फर्मों पर अचानक जांच के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री और उत्पादों को सीज करने की कार्रवाई की. इसके साथ ही मौके से विभिन्न उत्पादों के नमूने (Samples) लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं. विभाग की इस सख्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य यही सुनिश्चित करना है कि खाद्य पदार्थों और हेल्थ सप्लीमेंट्स की गुणवत्ता बनी रहे और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की हर हाल में रक्षा की जा सके.
बड़ा सवाल- क्या आपकी सेहत सुरक्षित है?
यह पूरा मामला इस बात का बड़ा उदाहरण है कि कैसे मुनाफा कमाने के चक्कर में लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. बिना मानकों के तैयार किए जा रहे ये हेल्थ सप्लीमेंट्स शरीर को फायदे की जगह गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा सकते हैं.