लड़का-लड़की की लव स्टोरी पर हो रही थी पंचायत, तभी दोनों तरफ से दगने लगी गोली, राहगीर की हुई मौत

लड़का-लड़की की लव स्टोरी पर हो रही थी पंचायत, तभी दोनों तरफ से दगने लगी गोली, राहगीर की हुई मौत


Last Updated:

बरेली जिले के आंवला कस्बा इलाके में लठैता मोहल्ला में लड़का-लड़की के चल रहे अफेयर को लेकर दोनों पक्षों की तरफ से शनिवार की रात को पंचायत चल रही थी. इस बीच लड़की के पिता ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से फायरिंग होने लगी, जिसमें एक राहगीर की मौत हो गई.

Zoom

बरेली में पंचायत के दौरान दो पक्षों में फायरिंग.

बरेलीः उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में देर रात चल रही एक पंचायत में अचानक से दोनों से जमकर फायरिंग शुरू हो गई. फायरिंग में विवादित पक्षों का तो कोई हताहत नहीं हुआ. लेकिन अंधाधुंध हुई फायरिंग में रास्ते से गुजर रहे एक वृद्ध को गोली लग गई और उनकी मौत हो गई. जबकि वृद्ध का पंचायत से कोई लेना-देना नहीं था. पंचायत एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र और छात्रा के प्रेम संबंध को लेकर उपजे विवाद को खत्म करने के लिए दोनों के परिजनों के बीच चल रही थी. लेकिन पंचायत का तो कोई हल नहीं निकाला बल्कि दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई.

पुलिस ने दो भाइयों को किया गिरफ्तार
फिलहाल वारदात के बाद फायरिंग करने वाले दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए हैं तो वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए लड़की पक्ष से दो सगे भाइयों मोहित गुप्ता और रोहित गुप्ता को गिरफ्तार कर उनसे पूछना शुरू कर दी है कि आखिर फायरिंग के पीछे की असली वजह क्या है?

लड़का-लड़की का चल रहा था अफेयर
पूरा मामला थाना आंवला कस्बा इलाके में लठैता मोहल्ला का है. दरअसल कस्बा के ही रहने वाले मोहित गुप्ता की लड़की और स्वदेश सिंह का लड़का बरेली शहर के एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं. लेकिन इसी बीच आने-जाने के दौरान दोनों में प्रेम संबंध हो गए. इस बात की जानकारी जैसे ही लड़की पक्ष को लगी तो दोनों में विवाद बढ़ गया. लेकिन कस्बा के जिम्मेदार लोगों ने देर रात पंचायत बुलाई. पंचायत में लड़का और लड़की पक्ष का विवाद खत्म कर समझौता होना था. आरोप है कि इसी बीच लड़की का पिता मोहित गुप्ता आपा खो बैठा और उसने सीधे लड़का पक्ष से आए लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी.

दोनों तरफ से चल रही फायरिंग में राहगीर की मौत
लड़का पक्ष के लोग भी हथियार लेकर आए हुए थे, उन्होंने भी फायरिंग शुरू कर दी. रात के अंधेरे में छुप छुपकर हो रही फायरिंग में लड़का-लड़की पक्ष का तो कोई घायल नहीं हुआ. लेकिन इसी बीच रास्ते से गुजर रहे इलाके के ही रहने वाले 65 साल के सज्जाद को गोली लग गई और वह गिर पड़े. जैसे ही सज्जाद को गोली लगने की चर्चा हुई, दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और परिजन घायल सज्जाद को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
चर्चा है कि मोहित गुप्ता और स्वदेश सिंह पंचायत के दौरान अपने-अपने साथियों के साथ पहले से ही हथियार लेकर पहुंचे हुए थे. अनहोनी की बड़ी आशंका थी और पंचायत में जिस बात का डर था, वही हुआ. पंचायत में दोनों पक्षों का विवाद तो नहीं निपटा बल्कि दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगा दिया है. हालांकि इस बीच पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए लड़की के पिता मोहित गुप्ता और उसके चाचा रोहित गुप्ता को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्दी ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



Source link