नतीजा कुछ और हो सकता था… टी20 सीरीज नहीं जीत पाने पर कप्तान का छलका दर्द
Last Updated:
Shreyas Iyer angrily: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई, निर्णायक मुकाबला बारिश के कारण रद्द करना पड़ा. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि टीम दूसरे और चौथे मैच में बेहतर गेंदबाजी कर सकती थी. हालांकि, उन्होंने टीम की आक्रामक मानसिकता और युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के भविष्य पर भी खुलकर बात की.
श्रेयस अय्यर ने कहा कि सीरीज का नतीजा कुछ और हो सकता था.
नई दिल्ली. भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई. दोनों टीमों के बीच का पांचवां और निर्णायक मुकाबला बारिश के कारण रद्द करना पड़ा, जिससे सीरीज की कोई एक टीम विजेता नहीं बन सकी. टी20 सीरीज बराबरी पर खत्म होने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि उनके गेंदबाजों ने दूसरे और चौथे मैच में अच्छी गेंदबाजी नहीं की. श्रेयस ने कहा कि सीरीज का परिणाम कुछ और हो सकता था.
मैच रद्द होने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने स्वीकार किया कि यदि टीम ने कुछ मैचों में अपनी गेंदबाजी में और अनुशासन दिखाया होता, तो रिजल्ट कुछ और हो सकता था. उन्होंने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में कहा कि टीम दूसरे और चौथे मुकाबले में बेहतर गेंदबाजी कर सकती थी. हालांकि, उन्होंने सीरीज के दौरान टीम के जुझारू रवैये और आक्रामक मानसिकता की सराहना की. अय्यर ने साफ किया कि भारतीय टीम भविष्य में भी इसी आक्रामक सोच के साथ मैदान पर उतरेगी और अपनी शैली में कोई बदलाव नहीं करेगी.
पांचवां टी20 मैच बारिश की भेंट चढ़ गया.
वैभव सूर्यवंशी के भविष्य को लेकर अय्यर का बयान
भारतीय टीम में युवा प्रतिभाओं को लेकर चल रही चर्चा के बीच कप्तान श्रेयस अय्यर ने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के बारे में खुलकर बात की. अय्यर ने बताया कि उन्होंने वैभव से क्या बातचीत की है और टीम प्रबंधन की उनके भविष्य को लेकर क्या योजना है.
सलामी बल्लेबाजों की मौजूदगी और प्रक्रिया पर भरोसा
अय्यर ने कहा, ‘मैं वैभव से यही कहता रहता हूं कि उन्हें अपनी बारी का इंतजार करना होगा और मौका जरूर मिलेगा. क्रिकेट में अपनी प्रक्रिया और तैयारी में निरंतरता बनाए रखनी बेहद जरूरी है. कभी-कभी लंबे इंतजार का सामना भी करना पड़ता है. फिलहाल हमारे पास टीम में दो शानदार सलामी बल्लेबाज मौजूद हैं, जो बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. वैभव के साथ हमारी बातचीत मुख्य रूप से इसी विषय पर होती रही है कि वह कैसे अपने खेल को और निखारते रहें.’
व्यस्त शेड्यूल और लगातार यात्राओं पर बोले कप्तान
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इस दौर में खिलाड़ियों को लगातार यात्राएं करनी पड़ती हैं और व्यस्त कार्यक्रम से गुजरना होता है. इस बारे में बात करते हुए श्रेयस अय्यर ने स्पष्ट किया कि भारतीय टीम इन परिस्थितियों से अच्छी तरह निपटना जानती है. उनके मुताबिक, देश के भीतर लगातार यात्रा करना और अलग-अलग शहरों में मैच खेलना अब टीम के लिए कोई नई बात नहीं रह गई है. खिलाड़ी इन चुनौतियों के पूरी तरह अभ्यस्त हो चुके हैं और वे अपने वर्कलोड को अच्छी तरह संभाल रहे हैं.