दिल्ली के कालकाजी में आधी रात खूनी बवाल, पीट-पीटकर प्रॉपर्टी डीलर को मार डाला
Last Updated:
कालकाजी देर रात अचानक चीख-पुकार और भारी हंगामे से दहल उठा. एल-8 ब्लॉक स्थित एक बहुमंजिला इमारत में रहने वाले पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते जानलेवा खूनी संघर्ष में बदल गया. ग्राउंड फ्लोर और तीसरी मंजिल के निवासियों के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद जमकर लात-घूंसे चले, जिसमें प्रॉपर्टी डीलर मंजीत सिंह उर्फ बंटी और उनके भाई दिलबाग सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़े.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान मंजीत सिंह उर्फ बंटी के तौर पर हुई है. घटना कालकाजी थाना क्षेत्र के L-8 इलाके की बताई जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, देर रात बंटी का अपनी बिल्डिंग में रहने वाले कुछ लोगों से विवाद हो गया. विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई. आरोप है कि इसी दौरान बंटी के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद वह नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई.
पीसीआई कॉल मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पता चला कि L-8, कालकाजी में ग्राउंड फ्लोर और तीसरी मंजिल पर रहने वाले लोगों के बीच हाथापाई हुई थी. इस दौरान घायल हुए मंजीत सिंह और उसके भाई दिलबाग सिंह को AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. पुलिस टीम एम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मंजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिलबाग सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. मृतक के परिजनों ने बंटी की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है, ताकि विवाद और मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके. फिलहाल मौत की सही वजह स्पष्ट नहीं है. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति साफ हो सकेगी.