Amit Kashyap Murder Case Live : मुस्कान-साहिल की तरह ही क्या रविता-अमरदीप को मिलेगी फांसी की सजा? आज आएगा सर्पदंश अमित कश्यप मामले में फैसला

Amit Kashyap Murder Case Live : मुस्कान-साहिल की तरह ही क्या रविता-अमरदीप को मिलेगी फांसी की सजा? आज आएगा सर्पदंश अमित कश्यप मामले में फैसला


Last Updated:

Amit Kashyap Hatyakand Live: अमित कश्यप हत्याकांड मामले में आज कोर्ट दोषी पत्नी रविता और प्रेमी अमरदीप को सजा सुनाएगी. यह पूरा मामला पेचीदा था. हत्या के बाद परिवार के लोग समझते रहे कि अमित की मौत सांप के डसने की वजह से हुई है. हालांकि बाद में पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा कर हत्यारोपी पत्नी और प्रेमी को जेल भेज दिया था. इस मामले से जुड़ी पल-पल की अपडेट जानने के लिए पढ़ते रहिए न्यूज 18 की ये लाइव कॉपी.

Zoom

रविता-अमरदीप सांप हत्याकांड का फैसला

मेरठ : मेरठ में अमित कश्यप नाम के युवक की उसकी पत्नी रविता और उसके बॉयफ्रेंड अमरदीप ने हत्या कर दी थी. इस हत्याकांड में 13 महीने तक मजबूत सबूत के साथ बहस हुई और दोनों को दोषी करार दिया गया. आज सजा पर फैसला आना है. परिवार ने आरोपियों के खिलाफ फांसी की सजा की मांग की है. मृतक अमित की मां ने कहा कि जैसा उन्होंने किया है वैसे ही उनको भी मौत मिलनी चाहिए. अब ब्लू ड्रम केस के बाद इस केस पर सबकी नजरें हैं.

सांप कांड के मामले में रविता और अमरदीप को दोषी करार दिया जा चुका है. मेरठ जिला कारागार में रविता बंद है.पति को मारकर बेड पर रविता ने सांप के साथ उसे छोड़ दिया था, ताकि लगे कि सांप ने डंस लिया होगा. सांप कांड के आरोपी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप की बैचेनी बढ़ गई है. कोर्ट दोनों को आज सजा सुनाने वाली है. ऐसे में कई चर्चाएं तेज हो गई हैं.

वहीं, इस मामले में मजबूती के साथ कोर्ट में केस लड़ने वाले अमित के वकील बलराज सिंह ने कहा कि उनके पास कई ऐसे सबूत थे, जिनको अदालत के सामने रखा गया. पहले सांप खरीदा गया… फिर उसे अमित के बिस्तर पर छोड़ दिया गया था. जबकि सांप ने उसे काटा भी नहीं था. हत्या करने के बाद दोनों के बीच गिरफ्तारी तक काफी बातचीत हुई थी. यह सारे एविडेंस काफी मजबूत थे. सांप वाले की गवाही ली गई थी, जिसने दोषियों को पहचाना था. न्यायालय जो भी निर्णय देगा सर्वमान्य होगा.

क्या बोले दोषी?

मेरठ में पति की हत्या के बाद सांप बिस्तर पर छोड़कर बड़ी साजिश रचने वाली पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड की मेरठ जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई. दोनों दोषियों ने मेरठ कोर्ट के ADJ के सामने कहा कि जो भी निर्णय होगा वो मान्य होगा. कुछ देर बाद फैसले के वक्त फिर दोनों जुड़ेंगे.

मां ने मांगी फांसी की सजा

न्यूज़ 18 से बात करते हुए मृतक अमित कश्यप की मां ने कहा कि अमित के हत्यारे को फांसी हो. रविता और अमरदीप ने गला दबाकर की थी हत्या. प्लानिंग के तहत हत्या को मौत दर्शाने की कोशिश. कोर्ट से सख्त सजा का फैसला सुनाने की उम्मीद है.

मिल सकती है सख्त सजा

बता दें, एडीजी 12 जयवीर सिंह नगर सुनाएंगे फैसला. वहीं, सरकारी अधिवक्ता फरजाना मकसूद ने कहा कि रविता और अमरदीप को सख्त सजा होने की उम्मीद है. रिश्तों के कत्ल के मामले में फैसला बन सकता है नजीर. 12 गवाहों ने रविता और अमरदीप की कारगुजारी बयान की है. अमित के परिजन फांसी की मांग कर रहे हैं.

यह है पूरा मामला

  • अमित कश्यप बहसूमा थाना के गांव अकबरपुर सादात का रहने वाला था.
  • अमरदीप, अमित के साथ टाइल्स-पत्थर लगाने का काम करता था. उसका अमित के घर आना-जाना था.
  • इस दौरान अमरदीप का रविता से अफेयर हो गया. अमित को इसकी भनक लग गई थी.
  • इसके बाद रविता और अमरदीप ने उसकी हत्या की साजिश रची.
  • दोनों ने एक सपेरे से 1000 रुपए में सांप खरीदा.
  • 17 अप्रैल, 2025 की रात अमित के सोने के बाद रविता ने बॉयफ्रेंड अमरदीप को फोन करके बुलाया.
  • दोनों ने अमित की हत्या कर दी, फिर बिस्तर पर सांप छोड़ दिया. इसके बाद बॉयफ्रेंड को वहां से भगा दिया और खुद दूसरे कमरे में सोने चली गई.
  • सुबह जब घरवाले उठे, तो देखा कि अमित की मौत हो चुकी थी. शरीर पर सांप के डसने के निशान थे.
  • घरवालों को लगा कि अमित की मौत सांप के डसने से हुई है. घरवालों ने सपेरे को बुलवाया. वह सांप को पकड़कर अपने साथ ले गया.
  • अमित के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया. उसके शरीर पर सांप के डसने के 10 निशान मिले.
  • 5 दिन बाद पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई. इसमें पता चला कि अमित की मौत सांप के डसने से नहीं, बल्कि दम घुटने से हुई थी.
  • शक के आधार पर पुलिस ने पहले रविता को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने बॉयफ्रेंड का नाम बताया.
  • फिर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया.
  • बाद में जांच में यह भी पता चला था कि जिस सांप से डसवाया गया था, वह न जहरीला था, न ही उसके दांत थे.
  • तब से रविता मेरठ जेल में बंद हैं. प्रेमी अमरदीप जमानत पर बाहर आया था.
  • 7 अक्टूबर को दोषी ठहराए जाने के बाद उसे फिर से जेल में बंद कर दिया गया है.



Source link