कोडरमा में दिखेगा थाईलैंड का पैगोडा मंदिर , 65 फीट ऊंचे पंडाल में मां दुर्गा
Last Updated:
कोडरमा के महाराणा प्रताप चौक पर थाईलैंड के पैगोडा मंदिर की तर्ज पर 65 फीट ऊंचा भव्य पूजा पंडाल बनाया गया है. इसमें मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और पार्किंग की खास व्यवस्था की गई है. जिससे लोगों को बेहतर अनुभव मिलेगा.
कोडरमाः दुर्गा पूजा के दौरान आकर्षक पूजा पंडालों और भव्य सजावट को लेकर कोडरमा में तैयारियां तेज हो गई हैं. हर वर्ष की तरह इस बार भी पूजा समितियां श्रद्धालुओं को कुछ अलग और खास अनुभव देने की तैयारी में जुटी हैं. इसी कड़ी में कोडरमा के महाराणा प्रताप चौक दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस वर्ष थाईलैंड के प्रसिद्ध पैगोडा मंदिर के प्रारूप में भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है. इस पंडाल की खासियत यह है कि श्रद्धालुओं को कोडरमा में ही थाईलैंड के मंदिर जैसी स्थापत्य शैली देखने का अवसर मिलेगा.
पंडाल के भीतर मां दुर्गा के दर्शन कर श्रद्धालु उनका आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे. पंडाल को आकर्षक स्वरूप देने के लिए धनबाद और जामताड़ा के कारीगरों का सहयोग लिया गया है. पारंपरिक धार्मिक आस्था के साथ विदेशी मंदिर की वास्तुकला को जोड़ने का प्रयास इस बार की सजावट को खास बना रहा है. पूजा समिति को उम्मीद है कि पंडाल को देखने और मां दुर्गा के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे.
65 फीट ऊंचा और 60 फीट चौड़ा होगा पंडाल
महाराणा प्रताप चौक दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल को थाईलैंड के पैगोडा मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया है. पंडाल की ऊंचाई लगभग 65 फीट और चौड़ाई करीब 60 फीट रखी गई है. इसकी भव्य संरचना और सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी. धनबाद और जामताड़ा के कारीगरों ने पंडाल को आकर्षक रूप देने में योगदान दिया है. समिति की कोशिश है कि धार्मिक आयोजन के साथ श्रद्धालुओं को एक अलग स्थापत्य शैली का अनुभव भी मिले. थाईलैंड के पैगोडा मंदिर की तर्ज पर तैयार इस पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है. जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर सकेंगे.
लाइटिंग पर खर्च होंगे 1.80 लाख रुपये
पंडाल को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है. समिति की ओर से लाइटिंग और सजावट पर करीब 1 लाख 80 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं. रंग-बिरंगी रोशनी से सजा पंडाल रात के समय श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा. समिति के पदाधिकारियों के अनुसार पूजा पंडाल के निर्माण, लाइटिंग, सजावट और मूर्ति सहित पूरे आयोजन का अनुमानित बजट करीब 10 लाख रुपये है. पंडाल की भव्यता के साथ रोशनी और अन्य सजावटी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान बेहतर अनुभव मिल सके.
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और अग्निशमन की व्यवस्था
दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति ने सुरक्षा के इंतजाम भी किए हैं. पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. जिससे परिसर की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. इसके अलावा श्रद्धालुओं की सहायता और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए वालंटियर तैनात किए जाएंगे. आग से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अग्निशमन संबंधी व्यवस्था भी की जा रही है. समिति का प्रयास है कि पूजा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम उपलब्ध रहें. पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.
बाईपास के दोनों तरफ पार्किंग की व्यवस्था
महाराणा प्रताप चौक का पूजा पंडाल बाईपास के किनारे स्थित होने के कारण वाहनों की आवाजाही और पार्किंग को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है. समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क के दोनों तरफ उचित पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी. इससे पूजा पंडाल में आने वाले लोगों को अपने वाहन खड़े करने में सहूलियत मिलेगी और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी.