जबलपुर. मध्य प्रदेश में आज 16 अक्टूबर 2026, दिन शुक्रवार को मौसम का मिजाज मिलाजुला देखने को मिलेगा. मानसून की विदाई के बाद एक बार फिर आंधी-बारिश का दौर नजर आने वाला है. एक ओर ज्यादातर जिलों में धूप खिलेगी, तो कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बन रही है. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज पांच जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. ये जिले हैं- ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर और शिवपुरी. इन जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन/वज्रपात और हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा भी लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
दरअसल मध्य प्रदेश में बीते दिनों दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव रहे, जिसके चलते मानसून के विदा होने के बाद भी बारिश हो रही थी. इस समय बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया एक्टिव होने से फिर से आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल रहा है. खासकर मध्य-पूर्वोत्तर जिलों में इसका असर होगा.
भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में आज मौसम साफ रहेगा. दिन के समय धूप खिलेगी, जिससे लोगों को हल्की गर्मी महसूस होगी. यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हवा की रफ्तार 8 से 10 किमी प्रति घंटा रह सकती है. सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के चलते हल्की ठंडक का अहसास हो सकता है. जबलपुर में भी आज मौसम साफ रहेगा. दिन में धूप खिलने से मौसम में गर्माहट महसूस होगी लेकिन शाम होते-होते तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे हल्की ठंड का अहसास होगा. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रतलाम में दर्ज किया गया, तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस अमरकंटक (अनूपपुर) में रिकॉर्ड हुआ.
MP में 24 जून को हुई थी मानसून की एंट्री
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई हो चुकी है. मानसून ने इस साल राज्य में 24 जून को एंट्री ली थी और तीन अक्टूबर को विदाई ली. प्रदेश में मानसून 100 दिन सक्रिय रहा. इस मानसून सीजन में 908.4 मिमी (35.8 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से चार फीसदी कम है. पूर्वी राज्यों में चार प्रतिशत ज्यादा वर्षा दर्ज की गई. वहीं पश्चिमी राज्यों में 12 फीसदी कम बारिश हुई. भोपाल, ग्वालियर, कटनी, राजगढ़ समेत प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो गया, तो वहीं 30 जिलों में कम बारिश हुई, जिनमें जबलपुर, इंदौर, उज्जैन, रीवा और सागर भी शामिल हैं.
बदलते मौसम में सेहत का रखें ध्यान
1. मौसम में बदलाव के दौरान स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक आहार में मौसमी फल, ताजी हरी सब्जियां और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें.
2. बदलते मौसम के मिजाज और दैनिक गतिविधियों के साथ अपने शरीर को आसानी से ढालने के लिए निश्चित नींद का समय निर्धारित करें और पर्याप्त आराम करें.
3. दोपहर के समय बाहर रहने के दौरान चश्मे, टोपी या छाते का उपयोग करें और सनस्क्रीन लगाएं.
4. दिन के समय ठंडक बनाए रखने के लिए हल्के, हवादार और आरामदायक सूती कपड़े पहनें. सुबह-शाम की हल्की ठंड के लिए अपने पास एक हल्की चादर या जैकेट रखें.
5. मानसून के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए खासकर सुबह और शाम के समय मच्छर भगाने वाली क्रीम, जाली या मच्छरदानी का उपयोग करें.
6. दिल की बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को ठंड के मौसम में अपनी सेहत पर खास ध्यान देना चाहिए. वे नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर चेक करते रहें और हृदय के लिए स्वस्थ आहार का सेवन और योग, व्यायाम आदि करते रहें.
7. बदलते मौसम के मद्देनजर भारतीय मौसम विभाग (IMD) की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें. मौसम के पूर्वानुमान और अलर्ट पर नजर बनाए रखें.