PM से मिले श्रेयस और हरमनप्रीत, डबल गोल्ड जीतने वाले क्रिकेटर्स ने दी जर्सी
Last Updated:
PM Modi meets Asian Games gold medalists: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के 2026 एशियाई खेलों के गेाल्ड मेडलिस्ट विजेताओं से मुलाकात की. इस दौरान मेंस क्रिकेट टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और महिला कप्तान हरमनप्रीत कौर ने प्रधानमंत्री को एशियाई खेलों में इस्तेमाल की गई हस्ताक्षरित जर्सियां भेंट कीं. भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने फाइनल में क्रमशः पाकिस्तान और श्रीलंका को हराकर डबल गोल्ड जीता था. प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से 140 करोड़ देशवासी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं.
पीएम को श्रेयस और हरमनप्रीत कौर ने टीम इंडिया की जर्सी भेंट की.
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल के मैदान पर तिरंगे का मान बढ़ाने वाले भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए एशियाई खेलों के पदक विजेताओं से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान खास आकर्षण भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें रहीं, जिन्होंने महाद्वीपीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गो में गोल्ड मेडल अपने नाम किए और भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ा.
इस भव्य मिलन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने सभी खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की. इस अवसर पर प्रधानमंत्री के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर साझा की गई तस्वीरों में भारतीय पुरुष टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर प्रधानमंत्री को एशियाई खेलों में इस्तेमाल की गई अपनी हस्ताक्षरित जर्सियां भेंट करते नजर आए. टीम की तस्वीरों में प्रधानमंत्री दोनों टीमों के कप्तानों और उप-कप्तानों के साथ बीच में खड़े दिखाई दिए. पुरुषों की टीम में तिलक वर्मा उप-कप्तान की भूमिका में थे, जबकि महिला टीम की तरफ से स्मृति मंधाना उप-कप्तान के रूप में मौजूद थीं, हालांकि एशियाई खेलों के बाद उन्हें कप्तान के रूप में पदोन्नत किया जा चुका है. खिलाड़ियों और उनके सहयोगी स्टाफ के अलावा इस विशेष कार्यक्रम में आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह भी उपस्थित रहे.
पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों का दबदबा
भारतीय क्रिकेट टीमों का यह अभियान बेहद शानदार रहा, जिसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों ने दबदबा बनाए रखा. पुरुषों के फाइनल मुकाबले में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रनों से शिकस्त देकर लगातार दूसरा एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी. वहीं दूसरी ओर, महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में एकतरफा और बेहद आक्रामक प्रदर्शन किया. भारतीय महिलाओं ने श्रीलंका को 147 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त देकर एशियाई खेलों में देश के लिए दूसरा क्रिकेट स्वर्ण पदक पक्का किया.
एथलीटों ने भेंट किए अनूठे स्मृति चिह्न
क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों के कई दिग्गज एथलीट भी प्रधानमंत्री के साथ इस विशेष बातचीत और स्वागत समारोह का हिस्सा बने. भारत ने इन खेलों में कुल 85 पदक हासिल किए, जिसमें 21 स्वर्ण पदक शामिल हैं. सभी खेलों के एथलीटों ने प्रधानमंत्री को अपनी सफलता के प्रतीक के रूप में अलग-अलग अनूठे स्मृति चिह्न भेंट किए.
140 करोड़ भारतीयों को गर्व का पल: पीएम मोदी
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके समर्पण और कड़ी मेहनत की खुलकर सराहना की. उन्होंने अपने संबोधन में कहा, ‘आप सभी ने 140 करोड़ भारतीयों को गौरवान्वित किया है. सबसे बड़ी सफलता तिरंगे को बुलंदियों तक पहुंचाना है. इसलिए आपकी यह सफलता केवल आपकी अपनी नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों देशवासियों की है. मैं पूरे देश की ओर से आपको इस ऐतिहासिक सफलता की बधाई देता हूं.’
महिला एथलीटों का ऐतिहासिक प्रदर्शन
प्रधानमंत्री ने इस दौरान महिला एथलीटों के विशेष योगदान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘मैं विशेष तौर पर अपनी महिला एथलीटों को बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने हमारे कुल पदकों की तालिका में 38 पदक जोड़े और उनमें से 11 पदक अकेले स्वर्ण पदक के रूप में आए.’