Last Updated:
Surat Liv.52 Drops: मासूम बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ का रूह कंपा देने वाला खेल सूरत में पकड़ा गया है. SOG क्राइम ब्रांच और फूड एंड ड्रग्स विभाग की संयुक्त टीम ने एक बेहद घिनौने रैकेट का भंडाफोड़ किया है. यहां मुनाफे की हवस में जानवरों के लीवर टॉनिक को छोटी शीशियों में भरकर उस पर फर्जी लेबल चिपकाए जा रहे थे और बेखौफ होकर बच्चों की दवा बताकर बेचा जा रहा था.
सूरत में जानवरों के सप्लीमेंट को बच्चों की दवा बताकर बेचा जा रहा था. (सांकेतिक तस्वीर)
Surat Liv.52 Drops: सूरत से एक बेहद हैरान और शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां मासूम बच्चों की सेहत और जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था. सूरत की SOG क्राइम ब्रांच और फूड एंड ड्रग्स विभाग ने एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है. यहां जानवरों की दवा को छोटी बोतलों में भरकर, उस पर फर्जी स्टीकर लगाकर बच्चों की दवा के रूप में बेचा जा रहा था.
सूरत पुलिस कमिश्नर वाबांग जामीर के निर्देश और SOG DCP राजदीपसिंह नकुम के मार्गदर्शन में मेडिकल स्टोरों में हो रही धांधली पर कड़ी नजर रखी जा रही थी. इसी दौरान SOG टीम को गुप्त सूचना मिली कि अठवा इलाके में जानवरों के इलाज में इस्तेमाल होने वाले लिक्विड को छोटी बोतलों में रीफिल कर, उस पर बच्चों की दवा के फर्जी स्टीकर लगाकर बेचा जा रहा है. सूचना मिलते ही SOG के PI ए.एस. सोनारा और PSI आर.एस. भाटिया की टीम ने फूड एंड ड्रग्स विभाग के अधिकारियों के साथ अठवा, बड़ेखा चकला स्थित ‘श्री शांतिनाथ मेडिकल स्टोर’ पर अचानक छापा मारा.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मेडिकल स्टोर के संचालक मोहम्मद साजिद इब्राहिम मुल्ला को हिरासत में लिया. जांच में जो खुलासा हुआ, उसने सभी के होश उड़ा दिए. दुकान में जानवरों के लिए इस्तेमाल होने वाले ‘हिमालय Liv.52 Protec Liquid Animal Feed Supplement’ के 5 लीटर के केन से लिक्विड निकालकर छोटी खाली बोतलों में भरा जा रहा था. फिर इन बोतलों पर ‘Liv.52 Drops 60 ML’ के फर्जी स्टीकर लगाकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था.
छापेमारी में पुलिस को क्या-क्या मिला:
Liv.52 Drops (60 ML) की एक भरी बोतल
Liv.52 Protec (Animal Feed) का 5 लीटर का केन
बिना लेबल वाली खाली बोतलें
60 ML और 100 ML की खाली बोतलें, ढक्कन और बुच
Liv.52 Drops के 6 नकली स्टीकर
एक मोबाइल फोन
DCP राजदीपसिंह नकुम ने घटना के संबंध में कहा, “पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. आगे की जांच अठवा पुलिस द्वारा की जा रही है. सूरत पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दवाइयां खरीदते समय सावधानी बरतें, दवा के लेबल और पैकिंग की अच्छी तरह जांच करें और डॉक्टर की सलाह के बिना कोई भी दवा न लें.