Last Updated:
Father Kills Son and Daughter-in-Law in Taranagar: चूरू के तारानगर स्थित चंगोई गांव में पिता रामचंद्र ने सरपंच चुनाव के विवाद में अपने बेटे रविंद्र और बहू महिंद्रा की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी. आरोपी के धर्मकांटे पर हुए विवाद के बाद आरोपी ने दोनों पर गाड़ी चढ़ा दी. सूचना मिलते ही तारानगर पुलिस ने आरोपी पिता को डिटेन कर लिया और शवों को मोर्चरी में रखवाया. गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है. बताया जा रहा है कि साल भर पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था.
चूरू में सरपंच चुनाव के विवाद में पिता ने बेटे-बहू को गाड़ी से कुचला, मौत
चूरू: राजस्थान के चूरू जिले के तारानगर थाना क्षेत्र स्थित चंगोई गांव से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. यहां पारिवारिक और राजनीतिक विवाद के चलते एक पिता ने अपने ही बेटे और बहू को बेरहमी से पिकअप गाड़ी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलते ही तारानगर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे पिता को डिटेन कर लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता रामचंद्र रेपसवाल आगामी सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था. लेकिन उसका बेटा रविंद्र और बहू महिंद्रा पिता के चुनाव लड़ने का विरोध कर रहे थे. इसी बात को लेकर आरोपी के धर्मकांटे पर पिता और बेटे के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी रामचंद्र आपा खो बैठा.
धर्मकांटे पर गाड़ी से कुचलकर की हत्या
विवाद बढ़ने पर गुस्से से तमतमाए आरोपी रामचंद्र ने अपने ही बेटे रविंद्र और बहू महिंद्रा पर पिकअप/गाड़ी चढ़ा दी और उन्हें बेरहमी से कुचल दिया. हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
आरोपी पिता डिटेन, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही तारानगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता रामचंद्र रेपसवाल को हिरासत में ले लिया है. दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर नजदीकी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है.
एक साल पहले भी हुआ था पारिवारिक विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच अनबन की कहानी पुरानी है. करीब साल भर पहले भी किसी बात को लेकर पिता और पुत्र के बीच भारी विवाद हुआ था. फिलहाल एहतियात के तौर पर चंगोई गांव में भारी पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.