T20I का खास रिकॉर्ड, जब बल्लेबाज ने बिना एक भी सिक्स जड़े खेली सबसे बड़ी पारी
Last Updated:
टी20 क्रिकेट को फैंस हर गेंद पर लगने वाले चौके और छक्के को लेकर पसंद करते हैं. पहली गेंद से बल्लेबाज बड़ी हिट लगाने के फिराक में रहते हैं, लेकिन क्या हो जब इस फटाफट क्रिकेट में कोई बल्लेबाज बिना एक भी सिक्स लगाए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड बना दें. ऐसा ही एक अनोखा रिकॉर्ड आयरलैंड के हैरी टैक्टर के नाम दर्ज है.
आयरलैंड के बल्लेबाज हैरी टैक्टर
नई दिल्ली: क्रिकेट में आज टी20 फॉर्मेट की दीवानगी फैंस के सिर चढ़कर बोल रही है. इसकी वजह से ही टेस्ट और वनडे की लोकप्रियता में कमी आई है. इसके पीछे का सबसे बड़ा कारण यह है कि फैंस को टी20 में मैच की पहली गेंद से ही एक्शन देखने को मिलता है. खासतौर पर बल्लेबाजी में, बल्लेबाज पहली गेंद से ही चौके-छक्के उड़ाने की फिराक में रहते हैं, जिसे देखकर फैंस बोर नहीं होते हैं. लेकिन क्या हो जब इस टी20 के खेल में कोई बल्लेबाज वनडे और टेस्ट जैसी बैटिंग करके सबको उबा दे और रिकॉर्ड भी बना दे?
दरसअल, ऐसा ही एक अनोखा रिकॉर्ड आयरलैंड के बल्लेबाज हैरी टैक्टर के नाम दर्ज है. हैरी टैक्टर के नाम टी20 इंटरनेशनल में बिना एक भी सिक्स लगाए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड है. जिस फॉर्मेट में हर गेंद पर बल्लेबाज चौके-छक्के लगाने की कोशिश करते हैं, उस गेम में एक भी हवाई बाउंड्री न लग पाना अपने आप में एक अनोखा कारनामा है.
बिना सिक्स लगाए टैक्टर ने बनाए थे 96 रन
हैरी टैक्टर ने इटली के खिलाफ इसी साल जनवरी में खेले गए एक टी20 मैच में नाबाद 96 रनों की पारी खेली. उनकी इस पारी की सबसे खास बात यही थी कि उन्होंने एक भी छक्का नहीं जड़ा था. हैरी टैक्टर ने अपनी इस पारी में 56 गेंदों का सामना किया था, जिसमें सिर्फ 13 चौके शामिल थे. इस तरह हैरी टैक्टर ने टी20 इंटरनेशनल में बिना सिक्स लगाए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. हैरी टैक्टर से पहले यह रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के ब्रायन बैनेट के नाम था, जिन्होंने साल 2025 में श्रीलंका के खिलाफ 57 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 81 रन बनाए थे.
आयरलैंड ने 24 रनों से जीता था मुकाबला
वहीं, हैरी टैक्टर की रिकॉर्ड पारी वाले मुकाबले की बात करें तो उनकी टीम ने 24 रनों से मैच को अपने नाम किया. मुकाबले में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के खेल में 5 विकेट के नुकसान पर 190 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में इटली की टीम 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 166 रन ही बना पाई थी.