महंगे शौक छोड़कर छोटी खुशियों पर फोकस कर रहे लोग, क्या है Little Treat Culture?

महंगे शौक छोड़कर छोटी खुशियों पर फोकस कर रहे लोग, क्या है Little Treat Culture?


Small Happiness Trend: आज कई लोग बड़ी खरीदारी या महंगी चीजों पर पैसा खर्च करने के बजाय छोटी-छोटी खुशियों के लिए बजट निकाल रहे हैं. कभी पसंदीदा कॉफी, कभी छोटी सी चॉकलेट, फूलों का गुलदस्ता या मनपसंद खाना. इन छोटे खर्चों का मकसद सिर्फ सामान खरीदना नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में खुद को थोड़ा खुश महसूस कराना है. सोशल मीडिया पर इस तरह की सोच को लिटिल ट्रीट कल्चर कहा जा रहा है.

खास बात यह है कि इसमें खुशी के लिए बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं मानी जाती. छोटी रकम में मिलने वाली चीजें भी दिन को बेहतर बना सकती हैं, लेकिन सवाल यह है कि यह ट्रेंड आखिर लोगों के बीच इतना लोकप्रिय क्यों हो रहा है.

क्या है Little Treat Culture

लिटिल ट्रीट कल्चर का सीधा मतलब है खुद को छोटी-छोटी चीजों से खुश करना. इसके लिए किसी बड़े मौके या खास दिन का इंतजार नहीं किया जाता, अगर किसी दिन काम ज्यादा रहा या मूड खराब है, तो व्यक्ति अपनी पसंद की कॉफी ले सकता है, कुछ अच्छा खा सकता है या अपने लिए कोई छोटी चीज खरीद सकता है. यह सोच खास तौर पर उन लोगों के बीच नजर आ रही है, जो बड़े खर्चों को कम करके अपने बजट में छोटी खुशियों के लिए जगह बनाना चाहते हैं. यानी हर खुशी के लिए महंगी शॉपिंग या लग्जरी अनुभव जरूरी नहीं है.

महंगे शौक की जगह छोटी खुशियां क्यों

महंगाई और बढ़ते खर्चों के बीच बहुत से लोग बड़े शौक पूरे करने से पहले अपने बजट के बारे में सोचते हैं. ऐसे में छोटी खरीदारी एक आसान विकल्प लगती है. उदाहरण के लिए हर महीने महंगा ट्रिप प्लान करने के बजाय किसी नए कैफे में जाना, महंगे गैजेट की जगह कोई पसंदीदा किताब खरीदना या बाहर घूमने के बजाय घर पर अपनी पसंद की डिश बनाना. इसका एक दूसरा पहलू भी है. जब रोजमर्रा की जिंदगी में काम और जिम्मेदारियां ज्यादा होती हैं, तो लोग अपने लिए छोटे ब्रेक तलाशते हैं. लिटिल ट्रीट कल्चर इसी जरूरत को एक आसान तरीके से सामने रखता है.

सोशल मीडिया ने इसे बनाया ट्रेंड

सोशल मीडिया पर लोग अपनी छोटी-छोटी खुशियों को शेयर करते हैं. कॉफी, फूल, बेकरी आइटम, किताब, स्किनकेयर प्रोडक्ट या किसी पसंदीदा जगह पर छोटी आउटिंग जैसी चीजों की तस्वीरें इस ट्रेंड का हिस्सा बन गई हैं. हालांकि, सोशल मीडिया पर दिखने वाली हर चीज को अपनी जिंदगी में अपनाना जरूरी नहीं है. लिटिल ट्रीट कल्चर का असली विचार अपनी क्षमता के हिसाब से खुशी तलाशना है, न कि हर दिन कुछ नया खरीदना.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

क्या हर छोटी खरीदारी लिटिल ट्रीट कल्चर है

जरूरी नहीं, अगर कोई व्यक्ति सिर्फ तनाव या उदासी में बार-बार बिना सोचे खरीदारी करता है और बाद में बजट बिगड़ जाता है, तो इसे स्वस्थ आदत नहीं कहा जा सकता. छोटी खुशी तभी अच्छी है जब वह आपकी जेब पर भारी न पड़े. इसलिए इस ट्रेंड को अपनाते समय एक आसान नियम रखा जा सकता है. पहले जरूरी खर्च और बचत, उसके बाद छोटी खुशियों के लिए बजट. इससे खुद को ट्रीट देने का मजा भी रहेगा और महीने का खर्च भी कंट्रोल में रहेगा.

छोटी खुशी का मतलब हमेशा खरीदारी नहीं

लिटिल ट्रीट कल्चर को सिर्फ पैसे खर्च करने से जोड़ना भी सही नहीं है. अपनी पसंद का गाना सुनना, शाम को टहलना, पौधों की देखभाल करना, किसी दोस्त से बात करना या घर पर आराम से चाय पीना भी छोटी खुशी हो सकती है.



Source link