जाह्नवी कपूर पहुंचीं नैनीताल: रिया चक्रवर्ती के साथ फिल्म ‘PN 36’ की कर रहीं शूटिंग, नंगे पैर मां नैना देवी के दर्शन कर रखा व्रत


Last Updated:

Janhvi Kapoor Nainital: बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती अपनी आगामी थ्रिलर-रोमांटिक फिल्म ‘PN 36’ की शूटिंग के सिलसिले में नैनीताल पहुंची हैं. नवरात्रि के मौके पर जाह्नवी ने व्रत रखकर नंगे पैर मां नयना देवी के दर्शन किए और शिवलिंग पर जल चढ़ाया. व्यस्त शेड्यूल के बीच उन्होंने बुल्स जिम में वर्कआउट भी किया. बारिश और सुहावने मौसम के बीच दोनों अभिनेत्रियों ने रोमांटिक गाने के सीन फिल्माए.

Top Deals Inside

नैनीताल: जाह्नवी-रिया की फिल्म शूट, व्रत रख किए नैना देवी के दर्शनZoom

नैनीताल में जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती की फिल्म ‘PN 36’ की शूटिंग

Janhvi Kapoor Nainital: खूबसूरत वादियों से घिरा सरोवर नगरी नैनीताल इन दिनों बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी से गुलजार है. मशहूर अभिनेत्री जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती अपनी आने वाली नई थ्रिलर-रोमांटिक फिल्म ‘पीएन 36’ (PN 36) की शूटिंग के सिलसिले में यहां डेरा डाले हुए हैं. पहाड़ों की शांत फिजाओं, बदलते मौसम और खूबसूरत झीलों के बीच फिल्म की शूटिंग जोर-शोर से चल रही है. दोनों अभिनेत्रियों के शहर में होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है.

नवरात्रि के पहले दिन रखा व्रत, नंगे पैर चलकर नयना देवी मंदिर पहुंचीं जाह्नवी
रविवार को नवरात्रि के पहले दिन जाह्नवी कपूर पूरी तरह भक्ति भाव में डूबी नजर आईं. उन्होंने नवरात्रि का व्रत रखा और अपने होटल से करीब 150 मीटर पैदल चलकर प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर पहुंचीं. दोपहर ठीक 12:45 बजे जाह्नवी अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ बेहद सादे लिबास में पार्किंग से नंगे पैर मंदिर परिसर में दाखिल हुईं. उन्होंने मां की विधिवत आरती उतारी और विशेष पूजा-अर्चना की. इसके बाद जाह्नवी ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और शिवलिंग पर जल चढ़ाकर आशीर्वाद लिया.

बारिश और बादलों के बीच रोमांटिक गाने का शूट, इन लोकेशनों पर हुई रिकॉर्डिंग
फिल्म ‘पीएन 36’ की शूटिंग शहर के कई खूबसूरत कोनों में की जा रही है. जाह्नवी और रिया ने नैनीताल के बदलते मौसम, बारिश और बादलों के सुहावने माहौल के बीच फिल्म के एक खास रोमांटिक गाने के दृश्य शूट किए. 10 अक्टूबर को दोनों अभिनेत्रियों ने नैनीताल के स्विस होटल में अहम सीन फिल्माए. इसके अलावा नैनीताल से बाहर स्थित होटल ‘नमः’ में भी फिल्म के कुछ हिस्से कैमरे में कैद किए गए हैं. शूटिंग शेड्यूल के दौरान जाह्नवी एक निजी होटल में ठहरी हुई हैं.

शूटिंग की व्यस्तता में भी फिटनेस से समझौता नहीं, सुबह 7 बजे जिम में बहाया पसीना
लगातार शूटिंग और व्यस्त दिनचर्या के बावजूद जाह्नवी कपूर ने अपनी फिटनेस दिनचर्या को टूटने नहीं दिया. रविवार सुबह करीब 7 बजे वह मल्लीताल के रोपवे मार्ग स्थित शार्दूल नेगी के ‘द बुल्स जिम’ पहुंचीं. वहां उन्होंने घंटों कसरत कर पसीना बहाया. फिटनेस के प्रति अभिनेत्री का यह समर्पण स्थानीय युवाओं और उनके प्रशंसकों के बीच खूब चर्चा बटोर रहा है.

पहली बार नैनीताल आकर मुरीद हुईं जाह्नवी, कैंची धाम जाने की भी चर्चा
बातचीत के दौरान जाह्नवी कपूर ने बताया कि वह पहली बार नैनीताल आई हैं और यहां की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण तथा मौसम उनका दिल जीत चुका है. उन्होंने कहा कि उन्हें उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को करीब से समझने और स्थानीय पहाड़ी खानपान का स्वाद चखने का बेहतरीन मौका मिल रहा है. शूटिंग से ब्रेक मिलने पर दोनों अभिनेत्रियों के आसपास की वादियों में घूमने और नीम करोली बाबा के प्रसिद्ध कैंची धाम जाने की भी चर्चा है, हालांकि दर्शन का समय अभी तय नहीं हुआ है.

जानिए कौन-कौन हैं फिल्म की स्टारकास्ट में शामिल
उमेश बिष्ट के निर्देशन में बन रही इस थ्रिलर-रोमांटिक फिल्म ‘पीएन 36’ में जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती के साथ साउथ की लोकप्रिय अभिनेत्री श्रीलीला और अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. नैनीताल की नैसर्गिक सुंदरता हमेशा से फिल्म निर्देशकों की पहली पसंद रही है और इस बड़े प्रोजेक्ट से सरोवर नगरी एक बार फिर बड़े पर्दे पर चमकने को तैयार है.



Source link