Chhatarpur News: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन हिन्दू एकता रथयात्रा’ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. यह यात्रा 11 अक्टूबर को नवरात्रि के पहले दिन छतरपुर जिले के गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम से प्रारंभ होगी. यात्रा का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता बढ़ाना, वैचारिक क्रांति लाना और हिंदुओं को एकजुट करना है.
5 जिले, 500 किलोमीटर और 5 दिन का सफर
यह रथयात्रा बुंदेलखंड के 5 जिलों से होकर गुजरेगी. लगभग 500 किलोमीटर से अधिक लंबे इस सफर को 5 दिनों में पूरा किया जाएगा. यात्रा प्रतिदिन सुबह 9:30 से 10:00 बजे के बीच हनुमान चालीसा के पाठ और राष्ट्रगान के साथ शुरू होगी. यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम स्थलों पर हनुमान चालीसा पाठ, धार्मिक दरबार और मंचीय कार्यक्रम आयोजित होंगे. पंडित धीरेंद्र शास्त्री के अनुसार, बुंदेलखंड में जातिवाद को समाप्त कर राष्ट्रवाद का संदेश देना इस यात्रा का मुख्य लक्ष्य है.
दिनवार यात्रा का पूरा रूट
11 अक्टूबर: यात्रा बागेश्वर धाम से शुरू होकर बमीठा, चंद्रनगर, अजयगढ़ और सिंहपुर होते हुए पन्ना पहुंचेगी. अजयगढ़ में अल्पविराम व भोजन के बाद पन्ना के रघुलीला पैलेस व मधुवन पैलेस में रात्रि विश्राम होगा.
12 अक्टूबर: यात्रा पन्ना से अमानगंज, पवई, मोहेंदा और हटा पहुंचेगी. वहां श्री गौरीशंकर मंदिर में रात्रि विश्राम होगा.
13 अक्टूबर: हिंडोरिया, दमोह, गढ़ाकोटा और रेहली होते हुए यात्रा सागर पहुंचेगी. वहां श्री बालाजी मंदिर में रात्रि विश्राम का आयोजन है.
14 अक्टूबर: यात्रा कार्रपुरा, बंडा, शाहगढ़ और बड़ागांव से होते हुए टीकमगढ़ पहुंचेगी. यहां शासकीय पी.जी. कॉलेज में रात्रि विश्राम रहेगा.
15 अक्टूबर: यात्रा जतारा, पलेरा और नौगांव होते हुए छतरपुर पहुंचेगी. वहां रात्रि में भव्य हवन और यज्ञ के साथ यात्रा का समापन होगा.
साधु-संतों का रहेगा जमावड़ा
बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में देश के कई प्रमुख संत और महापुरुष शिरकत करेंगे. आचार्य इंद्रेशजी, देवी चित्रलेखा और हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास जी महाराज सहित लगभग 20 साधु-संत यात्रा में प्रमुख रूप से शामिल होंगे.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं. छतरपुर एसपी रजत सकलेचा के अनुसार, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है. जरूरत पड़ने पर अन्य जिलों और जोन से भी पुलिस बल बुलाया जाएगा. पांचों जिलों के एसपी और कलेक्टर व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं. सुरक्षा बेड़े में महिला पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे, एस्कॉर्ट कारें, रस्सा पार्टी और बम दस्ता शामिल रहेगा. इसके अतिरिक्त बागेश्वर धाम की अपनी विशेष निगरानी समिति भी बनाई गई है, जो रात में सुरक्षा पर ध्यान रखेगी. पुलिस-प्रशासन ने छतरपुर रेलवे स्टेशन ग्राउंड में पार्किंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है.