Last Updated:
Seraikela Kharsawan News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में शुक्रवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने पूर्व आभूषण कारोबारी के घर डकैती की वारदात को अंजाम दिया. करीब 7 से 8 नकाबपोश अपराधियों ने बंदूक की नोक पर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. लेकिन, इस घटना के बीच एक ऐसी बात भी सामने आई, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. जानकारी के अनुसार, घर के बाहर करीब दो लाख रुपये कीमत का सोने का चेन मिला, जिसे एक पत्रकार ने पीड़ित परिवार को लौटा दिया. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
चांडिल में आधी रात डकैती से दहशत, बंदूक की नोक पर लूटे गहने
जमशेदपुर. सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने तांडव मचाया. जानकारी के अनुसार, चांडिल बस स्टैंड के समीप पूर्व आभूषण व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर में 7 से 8 की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने बंदूक की नोक पर डकैती की घटना को अंजाम दिया. इस दौरान अपराधियों ने पहले परिवार को बंधक बनाया और फिर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए. घटना चांडिल थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के समीप की है.
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे 7 से 8 नकाबपोश अपराधी पूर्व आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर में घुस गए. अपराधियों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे और उनके पास बंदूक समेत अन्य हथियार थे. पीड़ित परिवार के सदस्य उमंग चौधरी के अनुसार, अपराधियों ने घर के लोगों को हथियार का भय दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण समेटे और मौके से फरार हो गए. वारदात के बाद परिवार के लोगों में डर का माहौल है.
घर के बाहर मिला सोने का चेन, पत्रकार ने लौटाया
वहीं, डकैती की घटना के बाद घर के बाहर सोने का एक चेन मिला जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है. चेन मिलने के बाद पत्रकार ने उसे अपने पास रखने के बजाय पीड़ित परिवार को लौटा दिया. डकैती के दौरान अपराधियों के हाथ से यह चेन गिरा या किसी अन्य वजह से घर के बाहर रह गया, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस जांच में इस पहलू की भी पुष्टि होनी अभी बाकी है.
थाने और बस स्टैंड के पास वारदात से सुरक्षा पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. थाना प्रभारी संतन तिवारी के मुताबिक, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. वारदात चांडिल बस स्टैंड के समीप घनी आबादी वाले इलाके में हुई है. ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा और रात की गश्ती को लेकर बड़ी चिंता है.
पहले आभूषण का कारोबार करते थे सुरेश चौधरी
बताया जाता है कि सुरेश चौधरी पहले चांडिल बाजार में आभूषण की दुकान चलाते थे, लेकिन कुछ वर्ष पहले उन्होंने दुकान बंद कर दी थी. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों ने उनके घर को ही क्यों निशाना बनाया और क्या उन्हें घर में जेवरात रखे होने की पहले से जानकारी थी. फिलहाल लूटे गए आभूषणों की कुल कीमत का आधिकारिक आकलन सामने नहीं आया है. पुलिस की जांच के बाद ही डकैती में शामिल अपराधियों और वारदात के पीछे की वजह का खुलासा हो सकेगा.