तिलक वर्मा ने तोड़ा T20 में विराट कोहली का महारिकॉर्ड, बनाया फास्टेस्ट 5000 रन
Last Updated:
भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. रांची टी20 में तिलक ने 18 गेंद में अपनी 44 रनों की पारी से टी20 में 5000 रन पूरे किए. इसके साथ भारत के लिए इस फॉर्मेट में तिलक विराट कोहली से तेज इस आंकड़े तक पहुंचने का कारनामा किया है.
तिलक वर्मा ने तोड़ा विराट का रिकॉर्ड
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी तिलक वर्मा ने टी20 क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. तिलक ने टी20 फॉर्मेट में 5000 रन पूरे कर लिए हैं. उन्होंने ये उपलब्धि वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची में खेले गए टी20 मैच में हासिल की. इसके साथ ही तिलक ने इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ने का भी कारनामा किया है. तिलक वर्मा ने 166वीं पारी में 5000 रन के आंकड़े को पार किया है, जबकि विराट कोहली ने 167 पारियों में इस आंकड़े को छुआ था. इस तरह तिलक ने विराट से एक पारी पहले 5000 रन पूरे किए हैं.
भारत के लिए सबसे तेज 5000 टी20 रन बनाने के मामले में केएल राहुल पहले स्थान पर काबिज हैं. राहुल ने सिर्फ 143 पारियों में ये कारनामा कर लिया था. इसके बाद दूसरे नंबर पर रुतुराज गायवाड़ का नाम आता है. गायकवाड़ ने 145 टी20 पारियों में 5000 पूरे किए थे, जबकि शुभमन गिल ने ये कारनामा 154वीं टी20 पारी में किया और तीसरे स्थान पर हैं. चौथे स्थान पर अभिषेक शर्मा का नाम है. अभिषेक ने 165 पारियों में 5000 टी20 रन पूरे किए थे.
तिलक ने 18 गेंद में कूट दिए 44 रन
वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले की बात करें तो तिलक वर्मा ने 18 गेंद में नाबाद 44 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 3 छक्के और 3 चौके भी उड़ाए. तिलक की इस दमदार पारी के बदौलत ही भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 में 249 रनों की दमदार पारी खेली. तिलक के अलावा अंतिम ओवरों में कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी 18 गेंद में 3 छक्के और 3 चौके की मदद से 40 रनों का योगदान दिया.
तिलक और अय्यर के अलावा भारतीय टीम के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे संजू सैमसन ने 41 गेंद में 82 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में संजू ने 9 चौके और 4 छक्के भी लगाए. इसके अलावा ईशान किशन ने भी 22 गेंद में 43 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा के बल्ले से 20 रन आया.