IPL: BCCI ने बुलाई टीम मालिकों की मीटिंग, 20वें सीजन के रोडमैप पर होगी चर्चा
Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीसीआई ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है. बीसीसीआई ने 15 अक्टूबर आगामी सीजन को लेकर एक बैठक बुलाई है. इस बैठक में सभी टीम के मालिक और उनके सीईओ को बुलाया गया है. इसके साथ ही राज्य क्रिकेट संघ और प्रसारणकर्ता को भी मीटिंग में शामिल होने को कहा है.
आईपीएल 2027 के रोडमैप पर होगी चर्चा
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अगले साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 20वें सत्र की तैयारियों में जुट गई है. आगामी सीजन को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने 15 अक्टूबर को सभी प्रमुख हितधारकों की संयुक्त बैठक बुलाई है. बीसीसीआई ने 2027 सत्र से पहले होने वाली इस बैठक के लिए आईपीएल के सभी प्रमुख हितधारकों को आमंत्रित किया है.
इसमें फ्रेंचाइजी के मालिक और उनके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी कर चुके राज्य क्रिकेट संघ और प्रसारणकर्ता शामिल हैं. बीसीसीआई के एक सूत्र के अनुसार, बोर्ड मुंबई में होने वाली इस बैठक के दौरान आईपीएल के पिछले सत्र से जुड़े मुद्दों और उनसे मिली सीख की समीक्षा करेगा जबकि विभिन्न पक्षों की चिंताओं पर भी चर्चा की जाएगी.
आईपीएल 2027 के सफल आयोजन को लेकर होगी बातचीत
बैठक के एजेंडे में 2027 आईपीएल के आयोजन की योजना और प्रमुख हितधारकों के साथ विचार-विमर्श करना भी शामिल है. बीसीसीआई का मानना है कि आईपीएल की मेजबानी में राज्य क्रिकेट संघों की अहम भूमिका होती है और मैच के दिन समन्वय और स्टेडियम में संचालन से जुड़े मामलों पर उनके सुझाव उन मुद्दों के समाधान के लिए महत्वपूर्ण हैं जिन पर बोर्ड इस बैठक में चर्चा करना चाहता है.
पिछले महीने आयोजित अपनी वार्षिक आम बैठक के समापन पर बीसीसीआई ने घोषणा की थी कि उसकी आम सभा ने सर्वसम्मति से आईपीएल के दो दशक पूरे होने का जश्न भव्य तरीके से मनाने का फैसला किया है. ऐसे में फैंस को आईपीएल के आगामी सीजन में एंटरटेनमेंट का डबल डोज मिलेगा. वहीं, इस मीटिंग के बाद आईपीएल में रिटेंशन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी. कई बड़े खिलाड़ियों की अदला-बदली होने की संभावना है, जिसे लेकर अभी से बातचीत चल रही है. इसमें सबसे बड़ा नाम मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या हैं. इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा के नाम की भी चर्चा हो रही है.