Baran Theft News: बारां के भंवरगढ़ में चोरों का आतंक, लाखों का लहसुन चोरी, 5 नकाबपोश CCTV में कैद


Last Updated:

Baran Theft News: बारां जिले के भंवरगढ़ में चोरों ने एक ही रात में जमकर उत्पात मचाया. चोर लाखों रुपए की लहसुन की फसल चोरी कर ले गए, वहीं ममता राठौर के घर के ताले तोड़ने की कोशिश भी की. महिला के जागने पर पांचों नकाबपोश मौके से फरार हो गए. चोरों की आवाजाही CCTV कैमरों में कैद हुई है. पुलिस ने मौका मुआयना कर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है.

Top Deals Inside

एक ही रात में चोरों का तांडव, लाखों का लहसुन ले उड़े, महिला के जागते ही भागेZoom

बारां के भंवरगढ़ में चोरों का आतंक

बारां. जिले के भंवरगढ़ क्षेत्र में इन दिनों चोरों के गिरोह की गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. बीती रात चोरों ने इलाके में जमकर उत्पात मचाया. चोर लाखों रुपए की लहसुन की फसल चोरी कर ले गए. वहीं, इसी रात नकाबपोश चोरों ने एक घर को भी निशाना बनाने की कोशिश की. घर में मौजूद महिला के जागने से चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और मौके से भाग निकले, घटना के बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है.

जानकारी के अनुसार, भंवरगढ़ गांव में बीती रात चोरों ने चोरी की वारदातों को अंजाम दिया. चोर लाखों रुपए की लहसुन की फसल चोरी कर ले गए. लहसुन की फसल किसानों के लिए कमाई का प्रमुख जरिया है, ऐसे में बड़ी मात्रा में फसल चोरी होने से किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है. एक ही रात में चोरी की कई घटनाओं की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

ममता राठौर के घर के ताले तोड़ने की कोशिश

चोरों ने इसी रात ममता राठौर के घर को भी निशाना बनाया, बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के एक ताले को तोड़ दिया था और दूसरे ताले को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान घर में सो रही ममता राठौर की नींद खुल गई. उनके जागने की भनक लगते ही पांचों नकाबपोश चोर वहां से भाग गए, महिला के जागने से घर में बड़ी चोरी होने से बच गई. घटना के दौरान चोरों की आवाजाही सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. फुटेज सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. सूचना मिलने पर सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले, ताकि चोरों की पहचान करने और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने में मदद मिल सके.

पुलिस ने ग्रामीणों से की सतर्क रहने की अपील

लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के मद्देनजर पुलिस ने ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय अपने घरों, दुकानों और गोदामों में मजबूत ताले लगाएं. घरों और आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर नजर रखें. किसी अनजान व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें. फिलहाल, क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है. लोगों को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों तक पहुंचकर चोरी की वारदातों का खुलासा करेगी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी.



Source link