राजधानी सहित कई ट्रेन कैंसल, दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन हो सकते हैं बंद
Last Updated:
CJP Protest News: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन ने दिल्ली में प्रशासनिक अमले को हाई-अलर्ट पर ला खड़ा किया है. जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले इस जमावड़े से पहले ही नई दिल्ली इलाके में BNSS की धारा 163 लागू कर दी गई है, कई ट्रेनें रद्द हैं और 57 मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदियों की तलवार लटक रही है.
सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा ड़ी कर दी गई है. (फाइल फोटो)
CJP Protest News: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है, जिसे लेकर राष्ट्रीय राजधानी में हलचल तेज हो गई है. नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लगा दी गई है. रेलवे ने दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है. उसी तरह से दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों को भी 9 अक्टूबर की रात से बंद किया जा सकता है. इस बीच, दिल्ली पुलिस ने 9 अक्टूबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सीजेपी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की मंजूरी नहीं दी गई है.
जॉइंट पुलिस कमिश्नर नूपुर प्रसाद ने कहा, “सीजेपी की तरफ से हमें एक लेटर मिला है, जिसमें 10 अक्टूबर को प्रदर्शन का जिक्र है. लेकिन बहुत कम समय में प्रदर्शन की अनुमति मांगी गई थी. प्रदर्शन की जानकारी 10 दिन पहले देनी जरूरी है. इसलिए सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर उन्हें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की परमिशन नहीं दी जा रही है. CJP के पुराने व्यवहार को देखते हुए भी प्रदर्शन की अनुमति नहीं है. अगर कोई क़ानून-व्यवस्था अपने हाथ मे लेता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी.”
57 मेट्रो स्टेशन बंद हो सकते हैं
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) से शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार तक 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने का अनुरोध किया है. पुलिस ने “संवेदनशील जगहों की ओर बेकाबू भीड़ के बढ़ने” की आशंका का हवाला देते हुए यह मांग की है. गुरुवार को लिखे एक पत्र में, जॉइंट कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (ट्रांसपोर्ट रेंज) रजनीश गुप्ता ने कहा कि हालात को देखते हुए 10 अक्टूबर को इन स्टेशनों से गुजरने वाली मेट्रो ट्रेनों की संख्या भी कम की जा सकती है.
इन 57 स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, मंडी हाउस, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, INA, हौज खास, आजादपुर, जामिया मिलिया इस्लामिया, शाहीन बाग, वेलकम और रोहिणी वेस्ट शामिल हैं. ज्ञानेश कुमार पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने के आरोप हैं. आरोप है कि उन्होंने वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) की आड़ में और अपने दो सहयोगियों को दरकिनार करते हुए वोटर के तौर पर रजिस्टर करने के लिए ज़रूरी अहम दस्तावेज़ ‘फॉर्म 6’ में बदलाव किए.