Last Updated:
Elephant Birthday Celebration: दलमा पहाड़ पर इंसान और वन्यजीवों के रिश्ते की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली. दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी के मकलूकोचा में नन्हे हाथी बादल का पहला जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया. मासूम हाथी ने केक काटा. साथ ही उसकी मां रजनी ने भी 21वें जन्मदिन का केक काटा.
सरायकेला में हाथी का बर्थडे मनाया गया.
सरायकेलाः झारखंड से अनोखी तस्वीर सामने आई. जहां नन्हें हाथी बादल का पहला बर्थडे बड़ी धूमधाम से मनाया गया. मां रजनी के साथ नन्हें बादल ने केक काटा. इस दौरान मादा हाथी रजनी का 21वां जन्मदिन भी मनाया गया. वन्य प्राणी सप्ताह के समापन पर वन विभाग ने दोनों हाथियों के लिए खास तैयारी की थी. केक काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया गया और कार्यक्रम में मौजूद बच्चों के बीच मिठाइयां बांटी गईं.
मां रजनी के साथ बादल ने मनाया जन्मदिन
मकलूकोचा में आयोजित कार्यक्रम में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. वन विभाग की ओर से रजनी और बादल के लिए केक तैयार कराया गया. दोनों हाथियों ने केक खाकर अपने जन्मदिन के जश्न में हिस्सा लिया. इस दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला. इस बार का आयोजन इसलिए खास रहा, क्योंकि पहली बार रजनी के साथ नन्हे बादल का जन्मदिन भी मनाया गया. बादल पिछले साल से ही मकलूकोचा में लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
घायल हालत में मिली थी रजनी
करीब 21 साल पहले रजनी चांडिल क्षेत्र में घायल अवस्था में मिली थी. वन विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू कर संरक्षण दिया. इसके बाद से हर साल 7 अक्टूबर को मकलूकोचा में रजनी का जन्मदिन मनाने की परंपरा चली आ रही है. वहीं, नन्हे हाथी बादल को पिछले साल हाट गम्हरिया क्षेत्र से घायल अवस्था में रेस्क्यू किया गया था. मकलूकोचा लाए जाने के बाद वह धीरे-धीरे पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच लोकप्रिय हो गया.
वन्यजीव संरक्षण का संदेश
दलमा के डीएफओ सबा आलम ने कहा कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य केवल हाथियों का जन्मदिन मनाना नहीं है. इसके जरिए लोगों को प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है. उन्होंने लोगों से जंगल और वन्य प्राणियों की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की. कार्यक्रम में शामिल विधायक सविता महतो ने भी वन विभाग की पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन इंसान और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व और संरक्षण का संदेश देते हैं.