Uttarakhand Weather 08 October 2026: मानसून की विदाई के बाद भी देवभूमि उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी भी जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र ने आज 08 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के कई जिलों में आंधी, तेज बारिश और आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जना के साथ बिजली चमकने, झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है. इतना ही नहीं, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित रहने की सख्त सलाह दी है.
नैनीताल-हल्द्वानी में भारी बारिश का अलर्ट और तूफान से बदला मिजाज
मौसम विभाग (IMD) ने नैनीताल जिले में आज कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिले में गरज-चमक के साथ तेज बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका भी जताई है. इससे पहले बुधवार 07 अक्टूबर की शाम हल्द्वानी समेत आसपास के तराई-भाबर इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश हुई थी, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था.
देहरादून-टिहरी में तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने की आशंका
वहीं, राजधानी देहरादून और आसपास के पर्वतीय क्षेत्र टिहरी गढ़वाल में भी 08 अक्टूबर को मौसम खराब रहने का अनुमान है. मौसम केंद्र के अनुसार दून घाटी और टिहरी के कई इलाकों में गर्जन के साथ बिजली कड़कने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है. रुक-रुक कर होने वाली हल्की से मध्यम बारिश की वजह से राजधानी में बीते दिनों से महसूस की जा रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन शाम होते-होते गुलाबी ठंड तेजी से जोर पकड़ने लगेगी.
हेमकुंड साहिब में लगातार बर्फबारी, धाम में बढ़ी कड़ाके की ठंड
सीमांत जिले चमोली में मौसम का मिजाज पूरी तरह शीतकालीन रंग में रंग चुका है. प्रसिद्ध तीर्थ हेमकुंड साहिब में बीते 06 अक्टूबर से रुक-रुक कर लगातार बर्फबारी हो रही है, जो 07 अक्टूबर दोपहर बाद और तेज हो गई. तो वहीं, हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 10 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद होने जा रहे हैं, लेकिन कपाट बंदी से पहले ही पूरे धाम परिसर में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है और कड़ाके की हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है.
उत्तरकाशी में तेज हवाओं के साथ बारिश से लुढ़का पारा
उत्तरकाशी जिले में बुधवार 07 अक्टूबर की शाम से ही मौसम ने अचानक करवट बदल ली थी. शाम ढलते ही तेज तूफानी हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे पारे में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई. 08 अक्टूबर को भी उत्तरकाशी के निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई है. ठंडी हवाएं चलने के साथ ही स्थानीय निवासियों ने ऊनी कपड़े निकाल लिए हैं.
रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में आकाशीय बिजली और बर्फबारी की चेतावनी
रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और झोंकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट दिया है. पिथौरागढ़ और बागेश्वर की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी की स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार 09 अक्टूबर को पिथौरागढ़ में भारी बारिश के आसार हैं. इस दौरान आपदा प्रबंधन तंत्र और जिला प्रशासनों को संवेदनशील पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन और मलबा गिरने की आशंका को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
09 से 13 अक्टूबर तक कैसा रहेगा पूरे उत्तराखंड का मौसम?
मौसम विभाग ने 09 और 10 अक्टूबर को भी उत्तराखंड के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना जताई है. जबकि 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होगी. 09 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की चेतावनी है. इसके बाद 11 और 12 अक्टूबर से हरिद्वार व उधम सिंह नगर में मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा, केवल पर्वतीय जिलों में छिटपुट बारिश-बर्फबारी रहेगी. 13 अक्टूबर को केवल उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार हैं.