रांची: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद झारखंड में मौसम की गतिविधियां पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आज 8 अक्टूबर को झारखंड में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. वहीं, 9 अक्टूबर तक वज्रपात के साथ ही गरज-चमक का अलर्ट जारी है, जबकि 10 से 13 अक्टूबर तक कोई विशेष चेतावनी नहीं है. ऐसे में आज धनबाद, बोकारो, पलामू, गुमला समेत 12 जिलों में आंधी तूफान के साथ ही बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
झारखंड के 12 जिलों में है बारिश और आंधी का खतरा
आज झारखंड में 8 अक्टूबर को धनबाद, बोकारो, पलामू, गुमला, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, जमशेदपुर-पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, चतरा, दुमका, देवघर और हजारीबाग में बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना बताई गई है. वहीं, रांची समेत झारखंड के अन्य जिलों में गरज-चमक और बारिश हो सकती है. वहीं, वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे से लोगों को दूर रहने की सलाह दी गई है. इसके अलावा तेज हवा के दौरान कमजोर ढांचे और पेड़ों के नीचे न खड़े होने को कहा गया है.
रांची, जमशेदपुर समेत जानें इन शहरों का तापमान
आज 8 अक्टूबर को तापमान में शहर-दर-शहर अंतर रहने वाला है. रांची में न्यूनतम तापमान करीब 19°C और अधिकतम 26-28°C के आसपास रहने का अनुमान है. इसके अलावा रांची में बारिश और गरज-चमक की संभावना भी बनी हुई है. आज जमशेदपुर में मौसम ज्यादा गर्म रहेगा और तापमान करीब 22-31°C के बीच रह सकता है. धनबाद में करीब 25-33°C तापमान रहने का अनुमान है. वहीं, बोकारो, रामगढ़ और गुमला में भी बादल, गरज-चमक और स्थानीय बारिश की संभावना है. पलामू में अधिकतम तापमान लगभग 31-33°C और गुमला में करीब 28-30°C के आसपास रहने का अनुमान है.
झारखंड में फिर बारिश का अलर्ट
जानें 8 से 13 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम
8 अक्टूबर: बारिश, गरज-चमक और तेज हवा का सबसे ज्यादा असर रहने वाला है.
9 अक्टूबर: आंधी-वज्रपात की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.
10 अक्टूबर: कोई विशेष चेतावनी नहीं है.
11 अक्टूबर: मौसम में सुधार और अपेक्षाकृत शुष्क स्थिति बन सकती है.
12 अक्टूबर: आज मौसम मुख्यतः साफ-आंशिक बादलों वाला रहने वाला है.
13 अक्टूबर: इसके साथ ही मौसम विभाग की विशेष चेतावनी नहीं है. इस दिन मौसम पूरी तरह से शांत रहने की संभावना है.
इससे साफ है कि झारखंड में बारिश और आंधी की मौजूदा सक्रियता मुख्य रूप से 9 अक्टूबर तक रहने की संभावना है. जहां 10 अक्टूबर के बाद गतिविधियां काफी कमजोर पड़ सकती हैं.
जानें कल 7 अक्टूबर को कहां-कहां हुई बारिश
IMD के अनुसुार 7 अक्टूबर को झारखंड के कई जिलो में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी. 7 अक्टूबर के पूर्वानुमान में देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में भारी बारिश हुई. जबकि धनबाद और बोकारो में भी तेज बारिश की संभावना बताई गई थी. इन जिलों में बादलों की गड़गड़ाहट ही देखी गई. जबकि बारिश नहीं हुई.
जानें झारखंड के इन जिलों का AQI
IMD के अनुसार रांची का AQI करीब 67 (मध्यम), धनबाद का करीब 92 (मध्यम) और जमशेदपुर का करीब 132 (खराब) लेवल पर रहने वाला है. वहीं, 7 अक्टूबर को AQI रिपोर्ट में पलामू 73, रांची 120 और धनबाद 134 जैसी दर्ज हुआ था. ऐसे में कहा जा सकता है कि झारखंड का एक्यूआई कुछ जिलों का ठीक तो कुछ जिलों का ठीक नहीं रहने वाला है.
झारखंड में बारिश पूरी तरह से नहीं हुई खत्म
झारखंड में 3 अक्टूबर से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है. इस साल 30 सितंबर तक झारखंड में कुल मानसूनी बारिश सामान्य के करीब रही और केवल करीब 2% की कमी दर्ज हुई. ऐसे में 8 और 9 अक्टूबर झारखंड के लिए मौसम की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहने वाला है. इन दो दिनों में बारिश के साथ आंधी और वज्रपात का खतरा बना रहेगा. जबकि 10 अक्टूबर के बाद मौसम में सुधार और 11 से 13 अक्टूबर के बीच अपेक्षाकृत शांत मौसम की संभावना है.