Last Updated:
China-Tibbet Dalai Lama: निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रमुख पेंपा त्सेरिंग ने चीन के दलाई लामा के पुनर्जन्म प्रक्रिया में हस्तक्षेप को लेकर सख्त बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि दलाई लामा के चयन की प्रक्रिया में सिर्फ धार्मिक परंपराओं और वरिष्ठ लामाओं की भूमिका होगी.
दलाई लामा के चयन पर निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रमुख पेंपा त्सेरिंग का बयान. (क्रेडिट- रॉयटर्स)
केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (CTA) के सिक्योंग यानी निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रमुख पेंपा त्सेरिंग ने दलाई लामा के अगले पुनर्जन्म को लेकर चीन के साथ जारी विवाद पर खुलकर बात की है. उनका कहना है कि अगले दलाई लामा के चयन की प्रक्रिया दलाई लामा के निधन के बाद ही शुरू होगी और इसमें धार्मिक परंपराओं, संकेतों, भविष्यवाणियों और वरिष्ठ लामाओं की भूमिका होगी. उनका ये बयान चीन को सीधा मैसेज है, जो इस प्रक्रिया में अपनी भूमिका चाहता है.
पेंपा त्सेरिंग के मुताबिक दलाई लामा ने पिछले साल साफ किया था कि उनका पुनर्जन्म होगा और इसकी खोज की जिम्मेदारी गान्देन फोड्रंग ट्रस्ट को दी जाएगी. हालांकि अभी यह तय नहीं है कि अगला दलाई लामा कहां और किस रूप में जन्म लेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि दलाई लामा ने पहले कई मौकों पर महिला के दलाई लामा बनने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है.
चीन क्यों चाहता है भूमिका?
सबसे बड़ा विवाद चीन की भूमिका को लेकर है. पेंपा त्सेरिंग का कहना है कि चीन सरकार दलाई लामा के पुनर्जन्म की प्रक्रिया पर नियंत्रण चाहती है. उनके मुताबिक चीन की ओर से यह कहा जाता रहा है कि अगले दलाई लामा की पहचान चीन की मंजूरी के बिना नहीं हो सकती. पेंपा त्सेरिंग का सवाल है कि जो चीनी सरकार पुनर्जन्म की धार्मिक अवधारणा को स्वीकार नहीं करती, वह दलाई लामा के पुनर्जन्म की धार्मिक प्रक्रिया में निर्णायक भूमिका कैसे निभा सकती है. उनके मुताबिक दलाई लामा का अपना स्पष्ट रुख है कि उनका अगला अवतार किसी फ्री वर्ल्ड में होगा, यानी चीन के नियंत्रण वाले क्षेत्र में नहीं.
पेंचन लामा का उदाहरण
पेंपा त्सेरिंग ने इस विवाद को समझाने के लिए पेंचन लामा का उदाहरण दिया. उनका कहना है कि 1995 में दलाई लामा ने एक बच्चे को पेंचन लामा के रूप में पहचान दी थी, लेकिन वह बच्चा उसके बाद से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया. चीन ने बाद में अपना अलग पेंचन लामा नियुक्त किया. उनका दावा है कि यह उदाहरण बताता है कि अगर दलाई लामा के पुनर्जन्म को लेकर दो अलग-अलग दावे सामने आते हैं तो विवाद पैदा हो सकता है. पेंपा त्सेरिंग के मुताबिक चीन भविष्य में अपने द्वारा चुने गए धार्मिक व्यक्ति को दलाई लामा की पहचान की प्रक्रिया पर प्रभाव डालने के लिए इस्तेमाल कर सकता है.
पुनर्जन्म की प्रक्रिया कैसी होगी?
पेंपा त्सेरिंग ने बताया कि दलाई लामा के निधन के बाद उनकी परंपरा के अनुसार संकेतों और धार्मिक प्रक्रियाओं के आधार पर खोज शुरू होगी. इसमें दिव्य संकेत, वरिष्ठ लामाओं से सलाह, सपनों और धार्मिक दृष्टांतों जैसी चीजों को देखा जा सकता है. उन्होंने मौजूदा दलाई लामा की पहचान की प्रक्रिया का उदाहरण भी दिया. उनके मुताबिक, पिछले जन्म से जुड़ी वस्तुओं को पहचानने और बच्चे की प्रतिक्रियाओं को परखने जैसे कई धार्मिक परीक्षण किए जाते हैं.
चीन के कानूनों को लेकर भी चिंता
पेंपा त्सेरिंग ने चीन के नए एथिनिक यूनिटी लॉ का भी जिक्र किया. उनका आरोप है कि चीन तिब्बत में भाषा, संस्कृति और धर्म को ज्यादा से ज्यादा चीनी व्यवस्था के अनुरूप ढालने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने खास तौर पर स्कूलों में तिब्बती भाषा और संस्कृति के प्रभाव को कम किए जाने और धार्मिक संस्थानों में सिनिसाइजेशन की नीति का मुद्दा उठाया. उनके मुताबिक यही नीति भविष्य में दलाई लामा के पुनर्जन्म की प्रक्रिया को भी प्रभावित करने की कोशिश कर सकती है.