Last Updated:
Darbhanga News: दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के निस्ता गांव में नाबालिग लड़की को छुड़ाने पहुंची डायल 112 की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. हमले में एक पत्रकार भी घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
दरभंगा में डायल 112 टीम पर ग्रामीणों का हमला (सांकेतिक तस्वीर)
दरभंगा. सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के निस्ता गांव में नाबालिग लड़की को छिपाकर रखे जाने की सूचना दरभंगा पुलिस को मिली थी. इस आधार पर रेस्क्यू कराने मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. आरोप है कि ग्रामीणों ने पहले पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस दौरान मौके पर मौजूद एक पत्रकार नीरज कुमार के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मुजफ्फरपुर से परिजनों ने दी थी सूचना
बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की मुजफ्फरपुर की रहने वाली है. उसके परिजन मुजफ्फरपुर से सिंहवाड़ा पहुंचे और 112 की टीम को सूचना दी कि उनकी नाबालिग बेटी को निस्ता गांव में छिपाकर रखा गया है. सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मामले की जांच और ग्रामीणों से पूछताछ करने के लिए गांव पहुंची.
पूछताछ के दौरान उग्र हुए ग्रामीण
पुलिस टीम गांव में पहुंचकर जब मामले की जानकारी लेने लगी और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की, तभी कथित तौर पर कुछ ग्रामीण उग्र हो गए. आरोप है कि पहले पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई और इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया. अचानक हुए हमले के बाद 112 की टीम किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल गई. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई.
पत्रकार को भी पीटा, अस्पताल में भर्ती
घटना की कवरेज करने पहुंचे पत्रकार नीरज कुमार के साथ भी ग्रामीणों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है. हमले में घायल पत्रकार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अब इस पूरे मामले में पुलिस पर हमला करने वाले लोगों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर है. वहीं, नाबालिग लड़की को कथित तौर पर छिपाकर रखने के मामले की भी जांच की जा रही है.