नालागढ़ में युवक की संदिग्ध मौत, सिर और माथे पर मिले गहरे कट के निशान, हत्या की आशंका

नालागढ़ में युवक की संदिग्ध मौत, सिर और माथे पर मिले गहरे कट के निशान, हत्या की आशंका


नालागढ़: उपमंडल नालागढ़ के तहत सैनी माजरा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय गोल्डी निवासी नालागढ़ के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि गोल्डी सैनी माजरा में शराब के ठेके के साथ अहाता चलाता था.

अहाता बंद करने के बाद नालागढ़ लौट रहा था युवक

जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर को गोल्डी अपना अहाता बंद करने के बाद नालागढ़ की ओर जा रहा था. इसी दौरान सैनी माजरा के पास वह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला. मौके पर उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में पाई गई. शुरुआती तौर पर घटना को सड़क हादसे से जोड़कर देखा गया.

सिर और माथे पर गहरे कट से बढ़ी हत्या की आशंका

हालांकि, बाद में परिवार के सदस्यों ने युवक के सिर और माथे पर गहरा कट होने की बात कहते हुए तेजधार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई. परिवार के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कोशिश की गई, लेकिन घटना से संबंधित कोई स्पष्ट फुटेज सामने नहीं आई.

अहाते में काम करने वाले व्यक्ति से हुआ था विवाद

परिजनों के मुताबिक, गोल्डी लंबे समय से सैनी माजरा में अहाता चला रहा था. कुछ समय पहले अहाते में ठेके पर काम करने वाले एक व्यक्ति के साथ उसका विवाद भी हुआ था. हालांकि, बाद में बातचीत के बाद विवाद खत्म हो गया था. परिवार ने इसी घटनाक्रम को देखते हुए मामले की गंभीर जांच की मांग की है.

पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया गोल्डी

गोल्डी अपने पीछे 19 वर्षीय बेटा, 15 वर्षीय बेटी, पत्नी और परिवार छोड़ गया है. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.

AIIMS बिलासपुर में होगा पोस्टमार्टम, रिपोर्ट का इंतजार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए AIIMS बिलासपुर भेजा है. 19 सितंबर को पोस्टमार्टम करवाया जाना है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि यह सड़क हादसा था या कोई आपराधिक घटना.

एसपी ने कहा- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. परिवार की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए शव का पोस्टमार्टम AIIMS बिलासपुर में करवाया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है.

फिलहाल, पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट सामने आने के बाद ही गोल्डी की मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी.



Source link