Last Updated:
राहुल गांधी के इंदौर में होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम के विरोध पोस्टर वार शुरू हो गया है. इंदौर में कई जगहों पर ‘झूठ की गूंज’ और ‘सत्य की विजय’ जैसे पोस्टर लगे हैं. वहीं, राहुल के इवेंट को लेकर युवाओं के बीच एक्साइटमेंट हैं. शाम को शुरू होने वाले इवेंट के लिए युवा और महिलाएं सुबह से ही पहुंच रहे हैं.
राहुल गांधी के विरोध में पोस्टर लगे.
इंदौर. इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. राहुल गांधी शाम 5 बजे भारत जोड़ो मैदान पहुंचेंगे और यहां सीधे छात्रों से संवाद करेंगे. राजेंद्र पार्क के सामने बने इस मैदान से आज राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ सुनाई देगी. कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से मैदान में अलग-अलग स्लोगन और पोस्टर लगाए गए हैं. वहीं, इंदौर में कई जगहों पर राहुल गांधी के विरोध में भी पोस्टर लगे हुए हैं. उन्हें झूठा बताया जा रहा है. उनके कार्यक्रम को ‘झूठ की गूंज’ कहा जा रहा है.
इंदौर में राहुल गांधी के विरोध में पोस्टर पॉलिटिक्स तेज हो गई है. जगह-जगह राहुल गांधी के विरोध में पोस्टर लगे हुए हैं. पोस्टर्स पर “झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय” लिखा हुआ है. गीता भवन, पलासिया, वर्ल्ड कप, MR9, विजयनगर, भंवरकुआं समेत इंदौर के कई इलाकों में पोस्टर लगे हैं. कई पोस्टर पर “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के जवाब में “झूठ की गूंज” का नारे लगे हुए हैं.
राहुल गांधी का पोस्टर.
राहुल गांधी का इंदौर शेड्यूल
बता दें, राहुल गांधी दोपहर करीब 2 बजे इंदौर पहुंचेंगे. एयरपोर्ट से रेडिसन होटल तक जगह-जगह मंचों से कांग्रेस कार्यकर्ता स्वागत करेंगे. शाम करीब 6 बजे भारत जोड़ो मैदान पहुंचेंगे. वहीं, राहुल गांधी को सुनने के लिए सुबह से ही अलग-अलग जिलों से छात्रों का पहुंचना शुरू हो गया है. शाजापुर, बड़वानी, अलीराजपुर और खरगोन से छात्र सुबह करीब 10 बजे से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे.
महिलाएं और छात्र कर रहे पार्टिसिपेट
बड़ी संख्या में महिलाएं भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रही हैं. महिलाओं में भी राहुल गांधी को लेकर जबरदस्त क्रेज नजर आ रहा है. सुबह से ही अलग-अलग इलाकों और जिलों से महिलाएं कार्यक्रम स्थल पहुंच रही हैं और राहुल गांधी को सुनने के लिए उत्साहित नजर आ रही हैं. मैदान में लगातार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. मंच, डोम और एंट्री व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज हैं. अब नजर शाम 6 बजे पर है, जब राहुल गांधी यहां पहुंचकर छात्रों से सीधा संवाद करेंगे.
रिपोर्ट- मिथिलेश गुप्ता